मुंबई। Plane Crash : एयर इंडिया की फ्लाइट एआई171 के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद टाटा समूह की एयरलाइन ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए इमरजेंसी रिस्पांस सेंटर स्थापित किया है। इसके अलावा साइट पर प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सहायता दल भी तैनात किए गए हैं।

एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “इस समय हमारा ध्यान सबसे पहले प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को सपोर्ट करने पर है। हम वह सब कुछ कर रहे हैं, जो हमारी शक्तियों में आता है। साइट पर हमारी इमरजेंसी रिस्पांस टीम को प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए सहायता की जा रही है। हमारी ओर से प्रभावित लोगों की हर जरूरी और संभव मदद की जा रही है।”
Plane Crash : अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान एआई 171 के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा, “हमारी संवेदनाएं इस दुखद घटना से प्रभावित सभी परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं।”
एन. चंद्रशेखरन ने आगे कहा, “जैसे ही हमें और अधिक सत्यापित जानकारी प्राप्त होगी, आगे के अपडेट साझा किए जाएंगे।”

उन्होंने बताया कि साइट पर प्रभावित लोगों की जानकारी चाहने वाले परिवारजनों के लिए सहायता टीम स्थापित कर दी गई है।
बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (वीटी-एएनबी) में दो पायलट और 10 केबिन क्रू समेत 242 लोग सवार थे। विमान उड़ान भरने के साथ ही अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ठीक बाहर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अहमदाबाद हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा कि अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगे।—आइएएनएस







