Pakistan Suicide Attack : खुशी के जश्न पर आतंक की स्याही
इस्लामाबाद, 24 जनवरी। Pakistan Suicide Attack : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांत में खुशियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक शादी समारोह के दौरान आत्मघाती हमला हुआ। इस भयावह घटना में कम से कम छह लोगों की जान चली गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हमला शुक्रवार देर रात डेरा इस्माइल खान जिले में हुआ।
शांति के पैरोकार के घर पर हमला
Pakistan Suicide Attack : आतंकी हमला अमन (शांति) समिति के प्रमुख नूर आलम महसूद के आवास को निशाना बनाकर किया गया, जहां उसी समय शादी का आयोजन चल रहा था। विस्फोट में नूर आलम महसूद भी घायल हो गए। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मेहमानों में दहशत फैल गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
Pakistan Suicide Attack : प्रमुख ब्रॉडकास्टर जियो न्यूज़ के मुताबिक, धमाके में घायल लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे आत्मघाती हमला बताया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के बाद हमलावरों ने फायरिंग भी की।
फॉरेंसिक जांच, कई घंटे चला सर्च ऑपरेशन
Pakistan Suicide Attack : घटना के बाद जांच टीमें और फॉरेंसिक विशेषज्ञ घंटों तक मौके पर मौजूद रहे और सबूत जुटाए। सुरक्षा एजेंसियां हमलावर और उसके पीछे के आतंकी नेटवर्क की पहचान में जुटी हुई हैं।
हमलावर की पहचान की कोशिश
Pakistan Suicide Attack : द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट स्थल से आत्मघाती हमलावर का कटा हुआ सिर बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि हमलावर की उम्र लगभग 17 वर्ष थी। पहचान और आगे की जांच के लिए सिर को कब्जे में ले लिया गया है।
मुख्यमंत्री का कड़ा संदेश
केपी के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए प्रांतीय पुलिस प्रमुख से तत्काल रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए और कहा कि इस जघन्य कृत्य के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ता आतंक
खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान, जो अफगानिस्तान से सटे हुए हैं, हाल के समय में आतंकवादी हमलों से सबसे ज्यादा प्रभावित रहे हैं। नूर आलम महसूद पर यह पहला हमला नहीं है। इससे पहले 2022 में डेरा इस्माइल खान में उनके कार्यालय पर आत्मघाती हमला करने की कोशिश की गई थी, जिसे सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया था।
हिंसा के आंकड़े बढ़ा रहे चिंता
Pakistan Suicide Attack : पिछले महीने भी डेरा इस्माइल खान में पुलिस वाहन पर बम हमले में तीन पुलिसकर्मियों की जान गई थी। सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज के आंकड़ों के अनुसार, बीते साल पाकिस्तान में हिंसा की घटनाओं में 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान 3,187 लोगों की मौत और 1,981 लोग घायल हुए।
इन घटनाओं में सबसे अधिक नुकसान खैबर पख्तूनख्वा को हुआ, जहां कुल मौतों का करीब 68 प्रतिशत और हिंसक घटनाओं का 62 प्रतिशत हिस्सा दर्ज किया गया।







