'एन पी एन लाइव'

Noida PRV : नोएडा–ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर औचक चेकिंग में खुली लापरवाही की पोल, 10 पुलिसकर्मी निलंबित

SHARE:

Noida PRV Check Reveals Negligence, 10 Police Personnel Suspended

नोएडा, 3 दिसंबर। Noida PRV : शरद ऋतु के आगमन के साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख बॉर्डर प्वाइंट्स पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इसके लिए पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (PRV) की तैनाती को सख्ती से लागू करने और उसकी नियमित निगरानी के आदेश भी दिए गए थे।

रैंडम चेकिंग

Noida PRV : इसी अभियान के तहत मंगलवार की रात पुलिस आयुक्त खुद नोएडा–ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर रैंडम चेकिंग कराने पहुंचीं। रात करीब 8 बजे जब पहली बार पीआरवी वाहनों की जांच की गई तो कुल 4 पीआरवी गाड़ियों में से केवल 1 वाहन ही अपनी निर्धारित लोकेशन पर मौजूद मिला, जबकि 3 वाहन ड्यूटी से नदारद पाए गए। यह स्थिति पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैया दर्शा रही थी।

इसके बाद रात करीब 10 बजे उसी मार्ग पर एक बार फिर औचक निरीक्षण कराया गया। दूसरी बार की गई जांच में भी स्थिति में खास सुधार नहीं दिखा। इस बार 4 में से केवल 2 पीआरवी वाहन ही अपनी निर्धारित जगह पर उपस्थित मिले, जबकि बाकी 2 वाहन फिर से अनुपस्थित पाए गए।

उठाया सख्त कदम

Noida PRV : लगातार दो बार निरीक्षण में लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सख्त कदम उठाते हुए ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी कर दिए। इसके साथ ही जिन पीआरवी वाहनों पर होमगार्ड चालक तैनात थे, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए होमगार्ड विभाग को भी रिपोर्ट भेज दी गई है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में शामिल हैं:

  • पीआरवी 1861 (नॉलेज पार्क क्षेत्र, रात 8 बजे): उपनिरीक्षक रतन सिंह और मुंशी छोटेलाल सिंह
  • पीआरवी 2406 (सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन, रात 8 बजे): मुंशी अखलीम अली और चालक सुमित कुमार
  • पीआरवी 1844 (सेक्टर-82 कट, रात 8 बजे): आरक्षी रविन्द्र कुमार और चालक नवीन्द्र सिंह (होमगार्ड)
  • पीआरवी 2406 (नालगढ़ा अंडरपास, रात 10 बजे): आरक्षी राजू कुमार और ट्रैफिक चालक प्रशांत बालियान
  • पीआरवी 1861 (यमुना एक्सप्रेसवे कट, रात 10 बजे): आरक्षी कृष्णवीर और चालक गौरव चौधरी

इसके अलावा पर्यवेक्षण में लापरवाही बरतने के आरोप में डायल-112 के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे को भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं : पुलिस कमिश्नर

Noida PRV : पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और ड्यूटी से कोताही बरतने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करें, अन्यथा उन्हें सख्त परिणाम भुगतने होंगे।

इस कार्रवाई के बाद जिले में तैनात पुलिस बल में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई