पटना, 10 अगस्त। Motihari : राज्य के शहर मोतिहारी में पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है, जिससे बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था की पुष्टि होती है। मोतिहारी में रविवार की देर शाम दो पुलिसकर्मियों पर युवती के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना के दौरान आम नागरिकों ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
Motihari : राज्य के डीजीपी को भेजी शिकायत में पीड़ित युवती अनुराधा कुमारी, पुत्री— नंदलाल प्रसाद यादव, निवासी बनकट भिट्ठन ने लिखा है कि 10 अगस्त की शाम को मोतिहारी शुगर मिल रोड के पास जा रही थी। तभी पीछे से दो पुलिसकर्मी आए और उनसे आइडी मांगने लगे। युवती का आरोप है कि जब वह आइडी निकाल ही रही थी कि पुलिस वालों ने उनपर हमला कर दिया और मारपीट की। फिर अपनी गाड़ी की ओर खींचते हुए लेते गए। युवती का कहना है कि इस हमले में उन्हें गंभीर मानसिक अघात पहुंचा है और सार्वजनिक रूप से अपमान हुआ है।
मौलिक अधिकारों का उल्लंघन
युवती का कहना है कि ऐसा आचरण पुलिस अधिकार का गंभीर दुरुपयोग और भारत के संविधान के तहत मिले उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।
डीजीपी से की यह मांग
Motihari : युवती ने बिहार के डीजीपी से मांग की है कि भारतीय दंड संहिता और अन्य लागू कानूनों की संबंधित धाराओं के तहत मेरी शिकायत को प्राथमिकी के रूप में दर्ज करें। मामले की निष्पक्ष जाँच करें। संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध उनके कुकृत्य और कानून के उल्लंघन के लिए कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई शुरू करें।
युवती ने डीजीपी को अपनी शिकायत के साथ वीडियो भी भेजी है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वैसे नेशनल प्राइम न्यूज इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
ज्ञात हो कि बिहार में राजद सहित सभी विपक्षी दल कानून व्यवस्था का मसला लगातार उठा रहे हैं। हाल ही में चिराग पासवान ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध पर चिंता व्यक्त की थी। दूसरी ओर जनसुराज के सूत्रधार भी लगातार राज्य में बिगड़ते हालात पर लगातार आवाज उठा रहे हैं।







