Modi Bengal Rally : भ्रष्टाचार पर प्रहार, विकास का संकल्प: बीरभूम में चुनावी रणभेरी
बीरभूम, 9 अप्रैल। Modi Bengal Rally : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर तीखा हमला बोला। आगामी चुनावों को राज्य के भविष्य के लिए निर्णायक बताया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत बीरभूम की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए की और कहा कि यह भूमि सदियों से क्रांति, संघर्ष और प्रेरणा का केंद्र रही है।

रविंद्रनाथ टैगोर को उल्लेख
Modi Bengal Rally : प्रधानमंत्री ने गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी जहां हर व्यक्ति भयमुक्त होकर जी सके, लेकिन वर्तमान में टीएमसी के शासन में बंगाल की स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में “महाजंगलराज” कायम हो गया है, जहां कानून-व्यवस्था कमजोर हो चुकी है और आम लोग भय के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने “मां, माटी और मानुष” के नारे के साथ सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज मां दुखी है, माटी पर अवैध कब्जा हो रहा है और आम इंसान असुरक्षा और डर के माहौल में जी रहा है।

बोगतुई कांड का जिक्र
Modi Bengal Rally : प्रधानमंत्री ने बीरभूम के बोगतुई कांड का जिक्र करते हुए उसे मानवता के लिए शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि निर्दोष महिलाओं और बच्चों को जिंदा जला दिया गया, जो राज्य में फैले अपराध और अराजकता का भयावह उदाहरण है। उन्होंने टीएमसी पर आरोप लगाया कि उसके संरक्षण में सिंडिकेट और गुंडाराज फल-फूल रहा है, जहां बालू, पत्थर और कोयले की अवैध लूट बड़े पैमाने पर हो रही है और इसमें पार्टी के बड़े नेताओं का संरक्षण शामिल है।

सरकार बनी तो घुसपैठियों के खिलाफ विशेष जांच
Modi Bengal Rally : घुसपैठ के मुद्दे को उठाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में अवैध रूप से आने वाले लोगों को टीएमसी का समर्थन मिल रहा है और उन्हें फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो घुसपैठियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ विशेष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के दायरे में लाकर उसे सजा दी जाएगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों के कारण स्थानीय लोगों के रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई
Modi Bengal Rally : प्रधानमंत्री ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए मालदा और रामपुरहाट की घटनाओं का जिक्र किया और कहा कि राज्य में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से जनता को मुक्ति दिलाना आवश्यक है और यह चुनाव उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने टीएमसी पर देश की राष्ट्रपति का अपमान करने का भी आरोप लगाया और कहा कि आदिवासी समाज से आने वाली राष्ट्रपति का सम्मान करना हर राज्य सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का व्यवहार न केवल राष्ट्रपति का, बल्कि पूरे आदिवासी समाज और महिलाओं का अपमान है।

महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया
Modi Bengal Rally : महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री ने बीरभूम और अन्य स्थानों पर हुई घटनाओं का जिक्र किया और कहा कि यह चुनाव राज्य की बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं को बिना किसी कटौती और भ्रष्टाचार के सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।
युवाओं में बेरोजगारी के कारण निराशा
Modi Bengal Rally : युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी सरकार की नीतियों के कारण राज्य के युवा बेरोजगारी और निराशा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है, विश्वविद्यालयों में संसाधनों की कमी है और शिक्षकों की स्थिति भी दयनीय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से लाखों युवाओं को नौकरियां दी गई हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में भर्ती प्रक्रियाएं भ्रष्टाचार और घोटालों से प्रभावित हैं, जिससे युवाओं के सपने टूट रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर भारत रक्षा निर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं दूसरी ओर बंगाल में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में कच्चे बम बनाने जैसे गैरकानूनी कार्य भी बढ़ रहे हैं, जबकि पारंपरिक उद्योग बंद हो रहे हैं।
भाजपा सरकार बनने पर कनेक्टिविटी होगी मजबूत
Modi Bengal Rally : उन्होंने राज्य के विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बंगाल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है, लेकिन टीएमसी सरकार के कारण उनका सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
हजारों करोड़ की परियोजनाएं तैयार
Modi Bengal Rally : प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने बंगाल के लिए हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं तैयार की हैं, लेकिन राज्य सरकार के सहयोग की कमी के कारण वे अटकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद इन परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जाएगा और उद्योगों के विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
ग्रामीण विकास और किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार ने मनरेगा जैसी योजनाओं में भी भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार के नए कानूनों और योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाया जाएगा और किसानों को संगठित कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।

समग्र विकास करना भाजपा का लक्ष्य
Modi Bengal Rally : अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राज्य का समग्र विकास करना है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर “जिन्होंने बंगाल को लूटा है, उनका हिसाब” भी किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भयमुक्त और विकासशील बंगाल के निर्माण के लिए भाजपा का समर्थन करें।







