'एन पी एन लाइव'

Mann Ki Baat: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से लेकर खेल और विज्ञान तक, पीएम मोदी ने गिनाईं 2025 की उपलब्धियां

SHARE:

Mann Ki Baat: PM Modi Highlights India’s Key Achievements of 2025

नई दिल्ली, 28 दिसंबर। Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए वर्ष 2025 की यादगार झलकियों, चर्चाओं और उपलब्धियों को देश के सामने रखा। राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे साल की स्मृतियां मन में ताजा हैं और 2025 ने देशवासियों को ऐसे कई क्षण दिए, जिन पर हर भारतीय को गर्व है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चाहे देश की सुरक्षा का विषय हो, खेल के मैदान हों, विज्ञान की प्रयोगशालाएं हों या फिर अंतरराष्ट्रीय मंच—भारत ने हर क्षेत्र में अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज कराई है।

Mann Ki Baat : ऑपरेशन सिंदूर गर्व का प्रतीक

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने कहा— इस वर्ष ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बनकर सामने आया। पूरी दुनिया ने देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं करता। इस अभियान के दौरान देश के कोने-कोने से मां भारती के प्रति प्रेम और समर्पण की भावनाएं देखने को मिलीं। लोगों ने अलग-अलग तरीकों से अपने जज्बात व्यक्त किए।”

‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे

Mann Ki Baat : उन्होंने बताया कि यही भावना तब भी नजर आई, जब ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे हुए। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने देशवासियों से ‘हैशटैग वंदे मातरम 150’ के साथ अपने संदेश साझा करने का आग्रह किया था, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खेल जगत के लिहाज से भी ऐतिहासिक

Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल जगत के लिहाज से भी 2025 भारत के लिए ऐतिहासिक रहा। पुरुष क्रिकेट टीम ने आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप जीतकर देश का नाम रोशन किया। भारत की बेटियों ने ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास रचा। एशिया कप में भी तिरंगे की शान बनी रही। पैरा एथलीटों ने विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीतकर यह साबित किया कि हौसलों के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती।

विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने इस साल बड़ी छलांग लगाई। शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बने, जो देश के लिए गर्व का क्षण था।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा से जुड़े प्रयास 2025 की पहचान बने। भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 30 से अधिक हो जाना इसी दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।

प्रयागराज महाकुंभ ने दुनिया का ध्यान खींचा

Mann Ki Baat : आस्था, संस्कृति और विरासत की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष की शुरुआत में प्रयागराज महाकुंभ ने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया, जबकि साल के अंत में अयोध्या में राम मंदिर पर ध्वजारोहण के आयोजन ने हर भारतीय को गौरव की अनुभूति कराई। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को लेकर भी लोगों में खास उत्साह देखने को मिला और देशवासी ऐसे उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनमें भारत की मेहनत और मिट्टी की खुशबू हो।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2025 ने भारत को और अधिक आत्मविश्वास से भर दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2026 में देश नई उम्मीदों और नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Comment