'एन पी एन लाइव'

Jharkhand: धनबाद से चार संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

SHARE:

Jharkhand

रांची। Jharkhand: झारखंड एटीएस की टीम ने शनिवार को एक महिला सहित चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। सभी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों हिज्ब-उत-तहरीर, एक्यूआइएस और आइएसआइएस से जुड़े हैं।

झारखंड एटीएस ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि हिज्ब-उत-तहरीर, एक्यूआइएस (अल कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट), आइएसआइएस और अन्य प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े कुछ लोग राज्य के युवकों को अपने नेटवर्क में जोड़ रहे हैं, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गुमराह कर रहे हैं। इसके साथ ही धार्मिक कट्टरता को बढ़ावा देते हुए राष्ट्र विरोधी गतिविधियों का भी संचालन कर रहे हैं।

जांच में यह भी पता चला कि इन प्रतिबंधित संगठनों से संबंधित लोग धनबाद जिले में अवैध हथियार के व्यापार के साथ ही राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं।

सूचना के बाद छापामारी

इस सूचना के बाद शनिवार को धनबाद जिले में संदिग्ध स्थानों की तलाशी और छापेमारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान जिले के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र निवासी गुलफाम हसन (21), भूली थाना क्षेत्र निवासी आयान जावेद (21), इसी क्षेत्र की निवासी शबनम परवीन (20) और बैंक मोड़ थाना क्षेत्र निवासी भूली निवासी मो. शहजाद आलम (20) को गिरफ्तार किया गया।

मिले ये हथियार

गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो पिस्टल, 12 कारतूस, मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान टीम को काफी मात्रा में प्रतिबंधित संगठनों से संबंधित दस्तावेज और किताबें भी बरामद हुईं। इसको लेकर एटीएस ने रांची में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में हिज्ब-उत-तहरीर के खिलाफ यूएपीए के तहत कार्रवाई करते हुए संगठन को प्रतिबंधित घोषित कर दिया था। इसके प्रतिबंधित होने के बाद देश में संगठन के खिलाफ यह पहली कार्रवाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई