जयपुर। IPL 2025 : पंजाब किंग्स ने आइपीएल 2025 के अपने आखिरी लीग मैच में मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही वह 19 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है।
पंजाब किंग्स को जीत के लिए 185 रन का लक्ष्य मिला था। पंजाब ने 18.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 187 बनाकर मैच सात विकेट से जीता। कप्तान श्रेयस अय्यर ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
जोश इंगलिस की बड़ी भूमिका
पंजाब की जीत में जोश इंगलिस की बड़ी भूमिका रही। इंगलिस ने 42 गेंद में तीन छक्के और नौ चौके की मदद से 73 रन की पारी खेलकर पंजाब को जीत दिला दी।
पारी का आगाज करने उतरे प्रियांश आर्या ने भी 35 गेंद में नौ चौके और दो छक्के लगाते हुए 62 रन की पारी खेली। प्रियांश और इंगलिस के बीच दूसरे विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी हुई।
कप्तान श्रेयस अय्यर 16 गेंद में 26 और नेहल वढ़ेरा दो रन पर नाबाद रहे। प्रभसिमरन सिंह 13 रन बनाकर आउट हुए थे।
सूर्यकुमार यादव ने 184 रन बनाए
IPL 2025 : इसके पहले टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करते हुए मुंबई इंडियंस ने सूर्यकुमार यादव के 57 रन की मदद से 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए थे।
पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन और वी. विजय कुमार ने दो-दो जबकि हरप्रीत बराड़ ने एक विकेट लिया था।
मुंबई पर मिली इस जीत के बाद पंजाब किंग्स के 14 मैचों में नौ जीत और एक टाई मैच से मिले एक अंक के साथ कुल 19 अंक हो गए और टीम अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।
मुंबई इंडियंस अब चौथे नंबर पर रहेगी
इस हार के बाद यह भी तय हो गया है कि मुंबई इंडियंस अब चौथे नंबर पर ही रहेगी। सीजन की बेहद खराब शुरुआत करने वाली मुंबई इंडियंस ने लीग के 14 मैचों में आठ जीत के साथ 16 अंक लेकर चौथा स्थान हासिल किया है।
आइपीएल 2025 का आखिरी लीग मैच मंगलवार को आरसीबी और एलएसजी के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। आरसीबी प्लेऑफ में पहुंच चुकी है जबकि एलएसजी बाहर हो चुकी है।







