वाशिंगटन, 5 जनवरी। Indian woman murder : अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में एक अपार्टमेंट के भीतर एक युवा भारतीय हेल्थकेयर प्रोफेशनल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के मामले में युवती के पूर्व प्रेमी को आरोपित बनाया गया है, जो कथित तौर पर युवती के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के कुछ ही घंटों बाद अमेरिका छोड़कर भारत फरार हो गया।
Indian woman murder : पुलिस ने जारी किया वारंट
हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने बताया कि एलिकॉट सिटी की रहने वाली 27 वर्षीय निकिता गोडिशला का शव 3 जनवरी को कोलंबिया स्थित एक अपार्टमेंट से बरामद हुआ। यह अपार्टमेंट उनके पूर्व साथी 26 वर्षीय अर्जुन शर्मा का बताया जा रहा है, जो मूल रूप से भारत का रहने वाला है। पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री और सेकंड-डिग्री मर्डर के आरोप दर्ज किए हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया गया है।
लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी
Indian woman murder : पुलिस के मुताबिक, 2 जनवरी को अर्जुन शर्मा ने निकिता के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर को अपने अपार्टमेंट में देखा था, जो ट्विन रिवर्स रोड के 10100 ब्लॉक में स्थित है। हालांकि जांच के दौरान सामने आया कि उसी दिन अर्जुन शर्मा अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो गया था।
हत्या के कारणों का पता नहीं
Indian woman murder : 3 जनवरी को जब पुलिस ने अपार्टमेंट की तलाशी ली तो वहां निकिता का शव कई चाकू के घावों के साथ मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि 31 दिसंबर को नए साल की पूर्व संध्या पर शाम करीब 7 बजे के बाद उसकी हत्या की गई। फिलहाल हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है और जांच जारी है।
हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने कहा कि शव मिलने के बाद आरोपित के खिलाफ तुरंत गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया और अब अमेरिकी एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश कर रही हैं।
डेटा एनालिटिक्स प्रोफेशनल थीं निकिता
Indian woman murder : लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, निकिता गोडिशला एक हेल्थकेयर और डेटा एनालिटिक्स प्रोफेशनल थीं। उन्हें फार्मेसी, क्लिनिकल रिसर्च, हेल्थ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और डेटा मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव था। उनका उद्देश्य डेटा के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना और मरीजों के बेहतर नतीजे सुनिश्चित करना था। उन्हें एनालिटिक्स, रेगुलेटरी कंप्लायंस और हेल्थ क्वालिटी सिस्टम्स का अच्छा ज्ञान था।
मास्टर डिग्री थी निकिता
शैक्षणिक रूप से निकिता के पास यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड, बाल्टीमोर काउंटी से हेल्थ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री थी, जबकि उन्होंने भारत में जवाहरलाल नेहरू टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से डॉक्टर ऑफ फार्मेसी की पढ़ाई की थी।
अमेरिका के साथ भारत की प्रत्यर्पण संधि
Indian woman murder : अमेरिकी कानून के तहत फर्स्ट-डिग्री मर्डर में पूर्व नियोजित हत्या शामिल होती है, जबकि सेकंड-डिग्री मर्डर जानबूझकर की गई हत्या को दर्शाता है, जिसमें पहले से साजिश साबित नहीं होती। उल्लेखनीय है कि अमेरिका और भारत के बीच प्रत्यर्पण संधि मौजूद है, जिसके तहत गंभीर अपराधों में आरोपित को सौंपा जा सकता है, हालांकि यह प्रक्रिया न्यायिक समीक्षा और कूटनीतिक समन्वय के कारण लंबी हो सकती है।







