'एन पी एन लाइव'

Greater Noida: बिना स्टिकर की कार सोसायटी में ले जाने पर बवाल, सुरक्षा गार्डों पर हमला

SHARE:

Greater Noida

ग्रेटर नोएडा। Greater Noida : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली लेजर वैली विला सोसायटी में सोमवार दोपहर को उस समय हंगामा हो गया जब बिना स्टिकर लगी एक गाड़ी को सोसायटी में एंट्री से रोका गया। यह मामूली विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। गुस्साए युवकों ने सुरक्षा गार्डों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे दो गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक गार्ड के सिर में दस टांके आए हैं।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की है, जब फरीदाबाद, हरियाणा नंबर की एक लाल रंग की एमजी हेक्टर गाड़ी बिना सोसायटी स्टिकर के प्रवेश करना चाह रही थी। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने जब गाड़ी को रोका तो उसमें सवार तीन से चार युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट पर उतर आए।

सिक्योरिटी ऑफिसर तेजपाल सिंह के अनुसार जब स्थिति बिगड़ती देख अन्य गार्ड मौके पर पहुंचे तो युवकों ने उन पर भी हमला कर दिया और कुछ देर बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सोसायटी के अन्य निवासी और एओए ने थाना बिसरख पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

विला में किराये पर रहते थे

तेजपाल सिंह ने बताया कि आरोपी युवक सोसायटी के बी ब्लॉक के एक विला में किराये पर रहते हैं, जहां इन्होंने एक ऑफिस खोल रखा है और मोती पालन के नाम से व्यवसाय चलाते हैं। जानकारी के अनुसार लगभग 15 दिन पहले हरियाणा पुलिस भी इन्हीं लोगों को किसी मामले में तलाशने यहां पहुंची थी। उस समय पुलिस ने बताया था कि यह गिरोह मोती पालन के नाम पर लोगों से ठगी कर चुका है और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी में शामिल है।

तब नहीं मिले थे आरोपित

हालांकि तब मुख्य आरोपित नहीं मिले थे, जिससे पुलिस खाली हाथ लौट गई थी। स्थानीय निवासियों ने भी इस बात की पुष्टि की कि ये युवक अक्सर सोसायटी में गड़बड़ी फैलाते हैं और बिना स्टिकर के आवा-जाही करते हैं। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और शेष की तलाश की जा रही है। -आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई