'एन पी एन लाइव'

Encounter: उधमपुर में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, एक जवान शहीद

SHARE:

Encounter

उधमपुर। Encounter : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों के अनुसार, आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर शुरू किए गए घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान बसंतगढ़ इलाके में मुठभेड़ हुई।

व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर गुरुवार को उधमपुर के बसंतगढ़ में जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान आतंकियों ने जब सुरक्षा बलों से खुद को घिरा देखा तो उन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद जवानों ने भी कार्रवाई शुरू की। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। बेहतरीन चिकित्सा प्रयासों के बावजूद जवान बलिदान हो गया। मुठभेड़ जारी है।”

संयुक्त तलाशी अभियान

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना के जवान आतंकियों की तलाश में जुटे हैं। आतंकियों को ढेर करने के लिए जवान पहलगाम में व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं। भारतीय सेना ने आतंकवादियों को पकड़ने के लिए पुंछ के लसाना वन क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के साथ संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया है।

ज्ञात हो कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। घायलों में स्थानीय निवासी भी शामिल हैं। इस हमले के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना विदेशी दौरा बीच में ही छोड़कर भारत लौट आए। बुधवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की अहम बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया था कि भारत ने सिंधु जल समझौते को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया है। यह कदम भारत-पाकिस्तान संबंधों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर उठाया गया है। -आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई