कोलकाता, 14 अक्टूबर। Durgapur case : पश्चिम बंगाल पुलिस ने मंगलवार को दुर्गापुर गैंगरेप पीड़िता के पुरुष मित्र को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस मामले में कुल आरोपितों की गिरफ्तारियों की संख्या छह हो गई।
द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा 10 अक्टूबर की शाम को अपने पुरुष मित्र के साथ खाना खरीदने गई थी।
पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपित मित्र के जवाबों में विरोधाभास पाए जाने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
सीन रीक्रिएट किया गया
Durgapur case : इससे पहले मंगलवार को पुरुष मित्र को निजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बाहर वन क्षेत्र में ले जाया गया ताकि पांचों आरोपितों द्वारा किए गए दावों की पुष्टि की जा सके। साथ ही, क्राइम सीन को रिक्रिएट करने के लिए अन्य आरोपितों को भी वहां ले जाया गया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस पूछताछ के दौरान पीड़िता के मित्र का जवाब असंगत था, जिसके कारण उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह मालदा जिले का रहने वाला है।
पुरुष मित्र की भूमिका की जांच
Durgapur case : गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्त सुनील कुमार चौधरी ने कहा कि दुष्कर्म पीड़िता के पुरुष मित्र की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता का दोस्त, जो इन पांच आरोपितों के अलावा घटनास्थल पर मौजूद था, उसकी भूमिका भी संदेह से परे नहीं है। हम उसकी भूमिका की भी जांच कर रहे हैं। हमने उससे कई बार पूछताछ की है।
यह है मामला
Durgapur case : आपको बताते चलें कि 10 अक्टूबर को पश्चिम बर्धवान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बाहर वन क्षेत्र में ओडिशा की द्वितीय वर्ष की एक मेडिकल छात्रा के साथ पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। सभी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।







