'एन पी एन लाइव'

Bihar Development : कागज़ नहीं, जमीन पर दिख रहा विकास, 6.58 लाख करोड़ की योजनाओं से आगे बढ़ता बिहार

SHARE:

Bihar Development Projects: ₹6.58 Lakh Crore Investment Driving Growth

पटना, 5 जनवरी। Bihar Development : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे और विकास को नयी गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि बिहार में कुल 6.58 लाख करोड़ रुपये के निवेश से 170 राष्ट्रीय परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार और आम जनजीवन को मिल रहा है। इन्हीं परियोजनाओं के कारण बिहार विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Bihar Development : विकास कार्यों में आई तेजी

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन जमीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कांग्रेस शासन की तुलना करते हुए कहा कि पहले योजनाओं की घोषणा तो होती थी, लेकिन उनके अमल और निगरानी पर ध्यान नहीं दिया जाता था। इसके विपरीत, मौजूदा सरकार में योजनाओं की नियमित समीक्षा, समयबद्ध कार्यान्वयन और सख्त निगरानी की व्यवस्था है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आई है।

परियोजनाओं की समीक्षा

Bihar Development : सम्राट चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रगति’ (प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन) के माध्यम से सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक कर 85 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा की थी और उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसी के सकारात्मक परिणाम अब बिहार में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, जहां राष्ट्रीय स्तर की अवसंरचना परियोजनाएं तेज़ी से आकार ले रही हैं।

अलग अलग चरणों में निर्माणाधीन हैं परियोजनाएं

Bihar Development : उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार में चल रही 170 राष्ट्रीय परियोजनाओं में कुल 6.58 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इनमें से 60 परियोजनाएं, जिनकी लागत लगभग 1.28 लाख करोड़ रुपये है, सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई हैं और जनता को समर्पित की जा चुकी हैं। वहीं, शेष 110 परियोजनाएं, जिन पर करीब 5.30 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, अलग-अलग चरणों में निर्माणाधीन हैं।

सड़क और राजमार्ग में सर्वाधिक कार्य

Bihar Development : परियोजनाओं के क्षेत्रवार विवरण देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और राजमार्ग क्षेत्र में सबसे अधिक कार्य हो रहे हैं, जहां कुल 72 परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इसके अलावा रेलवे क्षेत्र में 38 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य बिहार को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से और अधिक मजबूती से जोड़ना है। इन परियोजनाओं से राज्य में आवागमन आसान होने के साथ-साथ औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

दूर हुईं बाधाएं

Bihar Development : सम्राट चौधरी ने यह भी बताया कि सड़क और रेलवे के अलावा बिजली, तेल एवं गैस, दूरसंचार, शहरी अवसंरचना और जलमार्ग जैसे क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, पानी, ईंधन और निर्माण से जुड़े अधिकांश मुद्दों का समाधान कर लिया गया है, जिससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं दूर हुई हैं।

Bihar Development : उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से जुड़े सभी 124 मुद्दों का 100 प्रतिशत समाधान कर लिया गया है। इसके परिणामस्वरूप कई प्रमुख सड़क, पुल और रेलवे परियोजनाएं अब 99 से 100 प्रतिशत प्रगति के अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। जल्द ही इन्हें भी जनता को समर्पित किया जाएगा।

समग्र विकास को नयी दिशा

उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार में न केवल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि निवेश, रोजगार और समग्र विकास को भी नयी दिशा मिलेगी।

Leave a Comment