'एन पी एन लाइव'

Bihar Cold Wave : बिहार में ठंड का कहर बरकरार, कोहरे और तेज पछुआ हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

SHARE:

Bihar Cold Wave: Dense Fog, Chilling Winds, No Relief Expected

पटना, 4 जनवरी। Bihar Cold Wave : बिहार में ठंड से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। दक्षिण-पश्चिम और उत्तरी बिहार के कई हिस्से घने कोहरे की चपेट में हैं। वहीं तेज पछुआ हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। राजधानी पटना समेत अनेक जिलों में दिनभर कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर कम रहने के कारण ठंड का असर पूरे दिन महसूस किया गया।

Bihar Cold Wave : छपरा में सबसे कम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। इस अवधि में अधिकतम तापमान 13.4 से 20.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। कई जिलों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई। वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे कम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस छपरा में रिकॉर्ड किया गया। राज्यभर में न्यूनतम तापमान 8.2 से 14.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

हालांकि, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि सबसे कम दृश्यता 50 मीटर वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

मौसम शुष्क बना रहेगा

Bihar Cold Wave : पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। आगामी दो से तीन दिनों के दौरान कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की आशंका जताई गई है।

मुजफ्फरपुर में एहतिया​ती कदम उठाए

Bihar Cold Wave : इधर, मुजफ्फरपुर में भीषण ठंड और गिरते न्यूनतम तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा आठ तक की शैक्षणिक गतिविधियां 7 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, 5 जनवरी से 7 जनवरी तक कक्षा आठ तक के स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, आठवीं से ऊपर की कक्षाओं का संचालन सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे के बीच ही किया जाएगा।

Leave a Comment