संवाददाता, पूर्णिया। Bihar : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान से तनाव के बीच बिहार के चार वीर जवानों के शहीद होने पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि “उनके बलिदान को पूरा देश नमन करता है। यह हम सभी के लिए गर्व और संवेदना का क्षण है।”
गुरुवार को पूर्णिया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी तीखा हमला बोला और राहुल गांधी के दरभंगा कार्यक्रम पर भी प्रतिक्रिया दी। दरभंगा में राहुल गांधी के कार्यक्रम को रोकने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह निर्णय स्थानीय प्रशासन का होता है और इसके पीछे जो भी कारण रहे होंगे, प्रशासन बेहतर तरीके से बता सकता है।
ऑपरेशन सिंदूर पर बड़ा बयान
मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि भारत हमेशा से शांति का पुजारी रहा है, लेकिन यदि कोई शांति भंग करने का प्रयास करता है तो भारत उसका मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने विश्व समुदाय को स्पष्ट संदेश दे दिया है— अब बात सिर्फ दो मुद्दों पर होगी: आतंकवाद और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके)। इसके अलावा किसी अन्य मुद्दे पर चर्चा नहीं की जाएगी।
38 करोड़ की स्वास्थ्य योजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
मंत्री ने बताया कि पूर्णिया में ₹38 करोड़ 29 लाख की लागत से विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जा रहा है। इसमें ₹15 करोड़ 52 लाख की योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि ₹22 करोड़ 77 लाख की योजनाओं का शिलान्यास होगा।
विशेष रूप से ₹54 करोड़ 52 लाख की लागत से राज्यभर में 38 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें पूर्णिया को विशेष प्राथमिकता दी गई है। मंत्री ने बताया कि बिहार के सभी जिलों में दवाओं के रखरखाव के लिए आधुनिक वेयरहाउस का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे सरकारी अस्पतालों में दवाओं की आपूर्ति और भंडारण बेहतर हो सके।
कांग्रेस पर तीखा हमला
मंगल पांडे ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अब कांग्रेस की स्थिति यह हो गई है कि वे जनसभा करना ही नहीं चाहते, क्योंकि वहां लोग जुटते ही नहीं। उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस के बड़े नेता अब 100-200 लोगों को लेकर पदयात्रा या छोटे हॉल में संवाद कार्यक्रम करने को मजबूर हैं, क्योकि जनता उनसे जुड़ना नहीं चाहती है।
पूर्णिया यात्रा के दौरान मंगल पांडे का यह दौरा जहां केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने वाला रहा। वहीं, मंगल पांडे विपक्ष पर राजनीतिक हमला भी करते नजर आए। ऐसे में ये माना जा रहा है कि उनकी यह यात्रा चुनावी और राजनीतिक दिशा का संकेत देता नजर आया।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







