'एन पी एन लाइव'

Bangladesh Unrest : हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में उबाल, चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग के बाहर हिंसा, कई घायल

SHARE:

Bangladesh Unrest After Hadi’s Death, Violence Near Indian Mission in Chattogram

ढाका, 19 दिसंबर। Bangladesh Unrest : ढाका-8 से निर्दलीय उम्मीदवार शरीफ उस्मान हादी का सिंगापुर में इलाज के दौरान निधन हो गया है। उनकी मौत के बाद से बांग्लादेश के कई हिस्सों में तनाव का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में शुक्रवार को चटगांव स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग के बाहर हिंसक घटनाएं हुईं, जिनमें दो पुलिसकर्मियों सहित कम से कम चार लोग घायल हो गए।

बांग्लादेशी समाचार एजेंसी यूएनबी के मुताबिक, शरीफ उस्मान हादी का पार्थिव शरीर सिंगापुर से बांग्लादेश लाया जाएगा। 12 दिसंबर को दिनदहाड़े दो हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी। पहले उनका इलाज ढाका के एवरकेयर अस्पताल में चला, बाद में हालत गंभीर होने पर उन्हें सिंगापुर एयरलिफ्ट किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादी की मौत के बाद हालात बिगड़े

Bangladesh Unrest :  स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कट्टरपंथी संगठन ‘इंकलाब मंच’ के प्रवक्ता रहे शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद हालात और बिगड़ गए। पुलिस का कहना है कि शुक्रवार सुबह चटगांव के खुलशी इलाके में भारतीय मिशन के कार्यालय के बाहर जुटे प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और तोड़फोड़ की।

चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस (सीएमपी) के कमिश्नर हसीब अजीज ने बताया कि स्थिति संभालने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस झड़प में घायल हुए लोगों को चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मौके से हिरासत में लिए गए कई लोग

Bangladesh Unrest :  ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, अजीज ने कहा कि पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उन पर आतंकवाद निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है।

घरों में आगजनी

Bangladesh Unrest : हादी की मौत के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान चटगांव में प्रदर्शनकारियों ने अवामी लीग के पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नौफेल के घर में आगजनी की। इसके अलावा गुरुवार रात चश्माहिल इलाके में गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने चटगांव के पूर्व मेयर मोहिउद्दीन चौधरी के घर के भीतर खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया।

इस घटना की पुष्टि करते हुए पंचलैश पुलिस थाने के प्रभारी (ओसी) एमडी सोलेमान ने बताया कि हादी की मौत के विरोध में सोलोशहर और नंबर-2 गेट इलाके में करीब 200 प्रदर्शनकारी जमा हुए थे। बाद में वे पूर्व मेयर और पूर्व शिक्षा मंत्री के घरों की ओर बढ़े, जहां तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं। पुलिस मौके पर मौजूद थी और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही थी।

भारत ने उच्चायुक्त को तलब किया

Bangladesh Unrest : इस बीच बुधवार को भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह को तलब कर बांग्लादेश में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि दो दिनों के भीतर तीन भारतीय वीजा केंद्र बंद करने पड़े।

एमईए के अनुसार, बांग्लादेशी राजदूत का ध्यान विशेष रूप से कुछ कट्टरपंथी तत्वों की गतिविधियों की ओर दिलाया गया, जिन्होंने ढाका में भारतीय मिशन के आसपास तनाव पैदा करने की योजना की घोषणा की थी। इसी के चलते भारत सरकार ने बांग्लादेश के उच्चायुक्त को तलब किया।

Leave a Comment