'एन पी एन लाइव'

airstrikes : यमन की राजधानी पर अमेरिकी हवाई हमले, मरने वालों की संख्या 12 हुई

SHARE:

सना। airstrikes : यमन की राजधानी सना में तीन घरों पर रविवार रात को हुए अमेरिकी हवाई हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हो गए। हूती नियंत्रित स्वास्थ्य अधिकारियों ने एक बयान में ये जानकारी दी।

बयान में कहा गया कि मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

हूती द्वारा संचालित अल-मसीरा टीवी ने सोमवार को 15 हवाई हमलों की सूचना दी, जिनमें राजधानी सना सहित उत्तरी यमन प्रांतों में कई स्थानों को निशाना बनाया गया।

इस बीच, हूती टेलीविजन के अनुसार, उत्तरी प्रांत सादा में एक प्रवासी केंद्र पर अमेरिकी हमलों में हताहतों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है, जिनमें से सभी अफ्रीकी प्रवासी हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार अमेरिकी सेना इस घटना की जांच कर रही है।

घटना में कई लोग घायल हुए

इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दर्जनों लोग घायल हो गए हैं, जबकि बचावकर्मी उत्तरी सना के बानी अल-हरिथ जिले में अमेरिकी लड़ाकू विमानों द्वारा बमबारी किए गए तीन घरों के मलबे के नीचे जीवित लोगों की तलाश जारी रखे हुए हैं।

15 मार्च को वाशिंगटन द्वारा यमन में हूती ठिकानों पर हवाई हमले फिर से शुरू करने के बाद से हूती समूह और अमेरिकी सेना के बीच तनाव तेजी से बढ़ गया है। इन हमलों का उद्देश्य हूती ग्रुप को लाल और अरब सागर में इजरायल और अंतर्राष्ट्रीय शिपिंग को निशाना बनाने से रोकना था।

यह है मामला

2014 के अंत में यमन में गृह युद्ध शुरू होने के बाद से हूती समूह उत्तरी यमन के अधिकांश हिस्से पर नियंत्रण कर रहा है। 15 मार्च से हूती और अमेरिकी सेना के बीच तनाव तेजी से बढ़ गया है, जब वाशिंगटन ने यमन में हूती ठिकानों पर हवाई हमले फिर से शुरू कर दिए थे, इस अभियान की कई क्षेत्रीय सरकारों ने व्यापक स्थिरता के लिए खतरा बताते हुए आलोचना की थी। -आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई