मोतिहारी,24 दिसंबर। Motihari Drainage Crisis : मोतिहारी शहर के मोहल्ला मठिया डीह के लोग लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। वार्ड नंबर 7 में स्थित मुख्य नाले का स्लैब वर्षों से टूटा हुआ है, जिसके कारण सड़क पर लगातार पानी जमा रहता है। बरसात के दिनों में यह समस्या और भी भयावह हो जाती है। लोगों को रोजाना इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
नाले के पानी में रोजाना फंसते हैं लोग
Motihari Drainage Crisis : स्थानीय लोगों के अनुसार, टूटा स्लैब और लगातार जमा नाले का पानी सड़क को दलदल में बदल देता है। कई लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं, कई के हाथ-पैर टूट चुके हैं। लेकिन नगर निगम द्वारा इस समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
टैक्स वसूलने में आगे, काम कराने में फेल : अरुण मिश्रा

Motihari Drainage Crisis : क्षेत्र के निवासी अरुण मिश्रा ने बताया कि नगर निगम टैक्स वसूली में तो किसी से पीछे नहीं रहता, लेकिन जब समस्याओं के समाधान की बात आती है तो महीनों-बरसों बीत जाते हैं।
उन्होंने कहा— नगर निगम सिर्फ टैक्स लेने में आगे है, काम कुछ नहीं होता। हम लोग परेशान हो चुके हैं। इसलिए मोहल्लेवालों ने मिलकर चंदा कर स्लैब ढलवाने का फैसला किया है, ताकि इस ‘नरक’ से बाहर निकला जा सके।
मेयर और विधायक से शिकायत करते-करते थक गए : मीना देवी

Motihari Drainage Crisis : स्थानीय महिला मीना देवी ने बताया कि इलाके के लोग कई बार मेयर, विधायक और नगर निगम अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला है, कार्रवाई नहीं।
“अब हमलोग खुद ही पहल कर रहे हैं, क्योंकि समस्या से तो हमें ही छुटकारा चाहिए” — उन्होंने कहा।
बार-बार दौड़कर थक गए : संजय कुमार मिश्रा

निवासी संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि टूटा स्लैब कई लोगों को घायल कर चुका है।
उन्होंने बताया— अधिकारी लोगों के पास दौड़ते-दौड़ते थक गए, लेकिन कोई सुनता ही नहीं। कई लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए, लेकिन अधिकारी पूछने तक नहीं आते।
पत्नी का सिर फटा, आठ टांके लगे : शंभु उपाध्याय

Motihari Drainage Crisis : वार्ड नंबर 7 के निवासी शंभु उपाध्याय ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा— टूटे स्लैब की वजह से मेरी पत्नी गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गई। उसका सिर फट गया और आठ टांके लगे। हमने बहुत इंतजार किया, लेकिन जब कोई समाधान नहीं हुआ, तब मोहल्लेवालों ने मिलकर खुद ही समस्या को दूर करने का निर्णय लिया।
नगर निगम अधिकारियों का आश्वासन
Motihari Drainage Crisis : इस गंभीर स्थिति पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सवाल किया गया।
स्थानीय पार्षद सुनील साह ने कहा— नगर निगम आयुक्त का हाल ही में तबादला हुआ है। जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।

वहीं नगर निगम के डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने कहा— मामले का संज्ञान लिया गया है। नगर निगम की ओर से जल्द समाधान किया जाएगा। लोगों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
लोगों में नाराजगी बरकरार
Motihari Drainage Crisis : अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद स्थानीय निवासी वर्षों से उपेक्षित इस समस्या को लेकर बेहद नाराज हैं। उनका कहना है कि जब तक काम ज़मीन पर नहीं दिखता, तब तक भरोसा करना मुश्किल है। इसी कारण मोहल्लेवालों ने अपनी सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वयं चंदा इकट्ठा कर स्लैब निर्माण का काम शुरू करने का निर्णय लिया है।







