गोपालगंज, 23 दिसंबर। Thave Temple Theft : बिहार के चर्चित सिद्धपीठ थावे दुर्गा मंदिर में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानियां के रहने वाले दीपक राय को गिरफ्तार किया है। आरोपित की निशानदेही पर चोरी गए सोने के आभूषणों की बरामदगी के लिए यूपी के कई इलाकों में छापेमारी की जा रही है।
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि घटना के बाद गंभीरता से जांच के लिए एसआइटी का गठन किया गया था। 12 अलग-अलग टीमों को बिहार और अन्य राज्यों में जांच के लिए भेजा गया।
इस दौरान गाजीपुर निवासी दीपक राय से पूछताछ की गई, जिसमें उसने थावे मंदिर चोरी को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी मंदिरों में चोरी कर चुका है आरोपित
Thave Temple Theft : पुलिस के अनुसार, दीपक राय एक आदतन मंदिर चोर है। इसी साल मार्च में उसने यूपी के मऊ स्थित शीतला मंदिर में चोरी की थी और तब भी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था।
13 नवंबर को जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से चोरी की साजिश रची और थावे मंदिर को निशाना बनाया।
10 और 11 दिसंबर को की थी रेकी
Thave Temple Theft : पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने अपने साथी के साथ 10 और 11 दिसंबर को मंदिर परिसर की रेकी की।
पूरी साजिश रचने के बाद 17 दिसंबर की रात चोरी को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपित के पास से घटना के दिन पहने हुए जूते, बैग और मफलर बरामद कर लिए हैं। अभी तक दो लोगों की संलिप्तता सामने आई है।
क्या-क्या चोरी हुआ था?
Thave Temple Theft : 17 दिसंबर को मंदिर के गर्भगृह से माता का सोने का मुकुट, सोने की छतरी, सोने का हार चोरी कर लिया गया था। CCTV फुटेज में दो चोर दिखाई दिए थे।
यह हुई कार्रवाई
Thave Temple Theft : घटना को गंभीरता से लेते हुए टीओपी प्रभारी धीरज कुमार को निलंबित किया गया है, जबकि सैप (SAP) के चार जवान बर्खास्त कर दिए गए हैं। पुलिस लगातार विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है। उम्मीद है कि जल्द ही चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए जाएंगे।







