नई दिल्ली, 16 दिसंबर। PM Modi Jordan : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय जॉर्डन यात्रा पूरी कर इथियोपिया के लिए रवाना हो गए। इस दौरान जॉर्डन के शाही परिवार ने प्रधानमंत्री का पूरे सम्मान और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। सोमवार शाम हुसैनिया पैलेस में पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया, जबकि उनकी विदाई के लिए स्वयं क्राउन प्रिंस मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने इस दौरे को बेहद सफल और स्मरणीय बताया है।
जॉर्डन पहुंचने पर किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने भव्य हुसैनिया पैलेस में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। किंग अब्दुल्ला को पैगंबर मोहम्मद की 41वीं पीढ़ी का वंशज माना जाता है और उनका परिवार करीब 1400 वर्षों से जॉर्डन पर शासन कर रहा है।

अब्दुल्ला द्वितीय ने स्वयं गाड़ी चलाई
PM Modi Jordan : इस यात्रा के दौरान कई ऐसे पल सामने आए, जो लंबे समय तक याद रखे जाएंगे। प्रधानमंत्री के एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर साझा किए गए 2 मिनट 10 सेकंड के वीडियो में एक खास दृश्य देखने को मिला, जब जॉर्डन के क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय स्वयं गाड़ी चलाकर पीएम मोदी को ‘द जॉर्डन म्यूजियम’ तक लेकर पहुंचे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने गेस्ट बुक पर हस्ताक्षर भी किए, जहां क्राउन प्रिंस उनके साथ मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने क्राउन प्रिंस के भाव और योगदान की सराहना करते हुए एक्स पर लिखा कि जॉर्डन की प्रगति के प्रति उनका समर्पण साफ नजर आता है। युवा विकास, खेल, अंतरिक्ष, नवाचार और दिव्यांगजनों के कल्याण जैसे क्षेत्रों में उनके प्रयास वास्तव में प्रशंसनीय हैं।
इस आत्मीयता की झलक उस समय भी दिखी, जब क्राउन प्रिंस अल हुसैन ने प्रधानमंत्री मोदी को खुद एयरपोर्ट तक छोड़ा और इथियोपिया के लिए रवाना होते समय उन्हें विदा किया।

पांच अहम समझौतों पर हस्ताक्षर
PM Modi Jordan : इस दौरे के दौरान भारत और जॉर्डन के बीच कुल पांच अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें संस्कृति, अक्षय ऊर्जा, जल प्रबंधन, डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े समझौते शामिल हैं। दोनों देशों ने सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने, स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में साझेदारी, जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने पर सहमति जताई।
इंडिया-जॉर्डन बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और जॉर्डन के बीच मजबूत सांस्कृतिक संबंधों और आर्थिक सहयोग की अहमियत पर भी जोर दिया।

Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







