'एन पी एन लाइव'

Rahul Gandhi : आरएसएस देश को खांचों में बांटना चाहती है, हम जोड़ने निकले हैं: राहुल गांधी

SHARE:

RSS wants to divide the country, we are uniting it, says Rahul Gandhi

किशनगंज, 9 नवंबर। Rahul Gandhi : लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को बिहार के सीमांचल क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है — एक जो नफरत फैलाना चाहती है और दूसरी जो प्रेम और एकता की बात करती है।

राहुल गांधी ने कहा, “आरएसएस देश को धर्म, जाति और प्रदेश के नाम पर खांचों में बांटने का काम कर रही है। वे लोगों को एक-दूसरे से लड़वाकर राजनीति करना चाहते हैं। जबकि हम (महागठबंधन) उन दीवारों को तोड़ने और हिंदुस्तान को जोड़ने की लड़ाई लड़ रहे हैं।”

कांग्रेस की सोच को आगे बढ़ाने की जरूरत

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन की सोच देश को एक साथ आगे बढ़ाने की है। “हम कहते हैं कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी चाहिए। वे कहते हैं कि मोहब्बत की दुकान बंद कर दो और नफरत फैलाओ। यही फर्क है और यही असली जंग है,” राहुल ने कहा।

“नफरत की राजनीति से लोगों का ध्यान असली मुद्दों से हटाया जा रहा है”

इसलिए वो लोग समाज को बांटते हैं

Rahul Gandhi : राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस लोगों के बीच नफरत फैलाकर जनता का ध्यान असली समस्याओं से भटका देती है। उन्होंने कहा, “नफरत से इन्हें फायदा होता है, क्योंकि लोग रोजगार, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर सवाल नहीं पूछते। इसी वजह से ये समाज को बांटने की कोशिश करते हैं।”

बेरोजगारी का उठाया मुद्दा

Rahul Gandhi : राहुल ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा, “आज भारत के युवा नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। बिहार में विश्वविद्यालय और कॉलेज बंद हो रहे हैं। बिहार के नौजवानों को महाराष्ट्र, दिल्ली और पंजाब जाकर मजदूरी करनी पड़ती है। यह बिहार की जनता के साथ अन्याय है।”

“हम चाहते हैं ‘मेड इन बिहार’ की पहचान”

Rahul Gandhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि दोनों ने मिलकर रोजगार खत्म करने का काम किया है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि हमारे मोबाइल और कपड़ों पर ‘मेड इन चाइना’ नहीं, बल्कि ‘मेड इन बिहार’ लिखा हो। बिहार के पास जमीन, श्रमशक्ति और संसाधन सब कुछ है, लेकिन सरकार की नीयत नहीं है।”

उन्होंने पूछा, “बिहार में इतने फल, सब्जियां और कृषि उत्पाद होते हैं, लेकिन कितनी फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगी? नीतीश कुमार ने क्या कभी मखाना उद्योग को प्रोत्साहित किया? मखाना अमेरिका में महंगा बिकता है, लेकिन बिहार का किसान आज भी इसका असली लाभ नहीं पाता।”

“फिर से बनेगा ज्ञान का केंद्र बिहार”

Rahul Gandhi : राहुल गांधी ने बिहार के गौरवशाली अतीत का जिक्र करते हुए कहा, “एक समय था जब नालंदा विश्वविद्यालय में पूरी दुनिया से छात्र पढ़ने आते थे। हम चाहते हैं कि बिहार फिर से शिक्षा का केंद्र बने। महागठबंधन की सरकार बनने पर राज्य में विश्वविद्यालय, कॉलेज और स्कूलों की संख्या बढ़ाई जाएगी।”

“भाजपा लोकतंत्र खत्म कर रही है”

Rahul Gandhi :  राहुल गांधी ने रैली के दौरान ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा, “भाजपा जनता का विश्वास जीतकर नहीं, बल्कि वोट चोरी करके चुनाव जीतती है। ये लोग लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश में लगे हैं। हम भारत की आवाज की रक्षा कर रहे हैं और इस लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे।”

राहुल ने जनता से अपील की कि वे धर्म और जाति के नाम पर बांटने वालों से सावधान रहें और बिहार के भविष्य के लिए सोच-समझकर वोट दें।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई