ओम वर्मा, पटना। Bihar Elections : बिहार इस समय पूरी तरह से अपने चुनावी रौ में है। पहले चरण के 6 नवंबर को 121 सीटों पर वोटिंग होनी है। मतदान से एक सप्ताह पहले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। इसमें शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तीकरण के लिए कई लोकलुभावन वादे किए गए हैं। बिहार के विकास का रोडमैप भी दिखाया गया है। दूसरी ओर इंडी गठबंधन यानी महागठबंधन ने भी अपना घोषणापत्र हाल ही में जारी किया है। इसमें भी बिहार के लोगों से कई वादे किए गए हैं। आइए जानते हैं किसके पिटारे में क्या है।
एक करोड़ लोगों को रोजगार का वादा
Bihar Elections : नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने अपना घोषणापत्र, संकल्प पत्र के रूप में जारी किया है। इसमें बिहार के लोगों को एक करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार और सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया है। महागठबंधन जहां बिहार के हर परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने का लोकलुभावन वादा कर रहा है, इसके विपरीत एनडीए गठबंधन वास्तविकता को समझते हुए एक करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार व सरकारी नौकरी देने का वादा कर रहा है।

हर जिले में मेगा स्किल सेंटर
Bihar Elections : एनडीए के संकल्प पत्र में हर जिले में मेगा स्किल सेंटर, बिहार स्पोर्ट्स सिटी व प्रमंडलों में खेलों के लिए सेंटर आफ एक्लीलेंस, हर जिले में फैक्ट्री व 10 नए औद्योगिक पार्क का निर्माण सहित 100 एमएसएमई पार्क व 50000 से अधिक कुटीर उद्यम खोलने का वादा किया गया है।
महिलाओं को रोजगार
Bihar Elections : एनडीए ने महिला सशक्तीकरण को महत्ता दी है। यही वजह है कि संकल्प पत्र में महिला रोजगार योजना से महिलाओं को 2 लाख तक की सहायता राशि का प्रावधान रखा गया है। 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी, मिशन करोड़पति के माध्यम से महिलाओं को उद्यमी बनाने, किसान सम्मान निधि 6000 से बढ़ाकर 9000 करने, मत्स्य पालकों को 4500 से बढ़ाकर 9000 की सहायता राशि, एमएसपी की गारंटी सभी फसलों के लिए, एग्री—इंफ्रास्ट्रक्चर में 1 लाख करोड़ का निवेश, हर अनुमंडल में एससी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आवासीय विद्यालय खोलने का वादा किया गया है।
शिक्षा पर जोर
Bihar Elections : एनडीए ने अपने संकल्प पत्र में शिक्षा पर काफी जोर दिया है। यही वजह है कि संकल्प पत्र में उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत सभी अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को प्रति माह 2000 रूपये देने का वादा किया गया है। वहीं ईबीसी वर्ग की जातियों को 10 लाख तक की सहायता, गरीब परिवारों के छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्कूलों में मिड डे मील के साथ पौष्टिक नाश्ता, 50 लाख नए पक्के मकान, मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और 5000 करोड़ रुपये से जिलों के प्रमुख स्कूलों का कायाकल्प करने का वादा किया गया है।
एक्सप्रेस वे पर जोर
Bihar Elections : एनडीए ने 7 एक्सप्रेसवे व 3600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण, विश्वस्तरीय मेडिसिटी और हर जिले में मेडिकल कालेज का निर्माण, मां जानकी की जन्मस्थली का विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी सीतापुरम के रूप में विकास और पटना, दरभंगा, पूर्णिया एवं भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट एवं 4 नए शहरों में मेट्रो का वादा किया है।
महागठबंधन के प्रमुख वादे

Bihar Elections : बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व वाली महागठबंधन ने भी हाल ही में अपना चुनावी वादा जारी किया है। महागठबंधन ने गरीब वर्ग के लिए 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया है। मनरेगा मजदूरी 255 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये और कार्य दिवस की संख्या सौ दिनों से बढ़ाकर 200 दिन करने का वादा किया है। वृद्धा और विधवा पेंशन 1500 रुपये प्रतिमाह, दिव्यांग पेंशन 3000 रुपये मासिक व दो सौ यूनिट फ्री बिजली देने का वादा किया है।
शिक्षा व रोजगार
Bihar Elections : एनडीए गठबंधन के विपरीत महागठबंधन ने राज्य में हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। सरकार नौकरियों के लिए फार्म और परीक्षा शुल्क मुफ्त करने और परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने जाने के लिए निशुल्क व्यवस्था करने का वादा किया गया है।
आईटी पार्क, SEZ, डेयरी, एग्रो-बेस्ड इंडस्ट्री, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, हेल्थ और टूरिज्म सेक्टर में भी बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन किया जाएगा।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







