नई दिल्ली, 5 अगस्त। daily bulletin : बिहार में हाल ही में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआइ) लगातार जानकारी साझा कर रहा है। इस बीच, ईसीआइ ने मंगलवार को बिहार के एसआइआर से संबंधित 1 से 5 अगस्त तक का डेली बुलेटिन जारी किया है। इस बुलेटिन में आयोग ने राजनीतिक दलों, मतदाताओं और नए मतदाताओं से मिली आपत्तियों के बारे में जानकारी साझा की है।
ईसीआइ के अनुसार बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत 1 अगस्त को जारी प्रारूप मतदाता सूची पर पहले 5 दिनों (1 अगस्त दोपहर 3 बजे से 5 अगस्त दोपहर 3 बजे तक) में किसी भी राजनीतिक दल की ओर से कोई दावा या आपत्ति दर्ज नहीं की गई है।
अपनाई जा रही पारदर्शी प्रक्रिया
daily bulletin : ईसीआइ ने अपने दैनिक बुलेटिन में बताया कि सभी योग्य मतदाताओं को सूची में शामिल करने और अयोग्य मतदाताओं को हटाने के लिए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार पात्र मतदाताओं की सूची में शामिल करने और अयोग्य मतदाताओं को हटाने के लिए पिछले पांच दिनों में 2,864 दावे या आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, जिनका निपटारा अभी होना बाकी है।
नए मतदाताओं के मामले का होगा निपटारा
daily bulletin : चुनाव आयोग ने बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र वाले नए मतदाताओं से 14,914 ‘फॉर्म-6 और घोषणाएं’ प्राप्त हुईं, जिनका निपटारा किया जाएगा।
ईसीआइ के अनुसार दावों और आपत्तियों का निपटारा संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईआरओ/एईआरओ) द्वारा 7 दिनों के भीतर किया जाएगा।
इन दलों से नहीं मिली आपत्तियां
daily bulletin : ईसीआइ के मुताबिक बिहार में आम आदमी पार्टी (आप) का 1 बीएलए है, बहुजन समाज पार्टी के 74, भारतीय जनता पार्टी के 53,338, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के 899, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 17,549, और नेशनल पीपुल्स पार्टी के 7 बीएलए हैं। इन राजनीतिक दलों की तरफ से कोई आपत्तियां नहीं मिली हैं।
इसके अलावा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (लिबरेशन) के 1,496, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के 1,913, जनता दल (यूनाइटेड) के 36,550, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 1,210, राष्ट्रीय जनता दल के 47,506, और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के 270 बीएलए हैं। उनकी तरफ से भी कोई आपत्ति नहीं मिली है।







