'एन पी एन लाइव'

Jharkhand: खूंटी में ग्राम प्रधान की हत्या मामले में 10 आरोपित गिरफ्तार, कई हथियार जब्त

SHARE:

रांची। Jharkhand : झारखंड में खूंटी जिले के काड़ेतुबिद गांव के ग्राम प्रधान और भाजपा नेता बलराम मुंडा की हत्या की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। हत्याकांड के 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो लोग ग्राम प्रधान के गांव के ही रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की रात अपराधियों ने बलराम मुंडा के घर पर हमला बोला था और गोली मारकर एवं धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या कर दी थी। खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि हत्याकांड का मास्टरमाइंड बुधराम हस्सा उर्फ मास्टर है, जो मारंगहादा थाना क्षेत्र के गड़ामड़ा गांव का रहने वाला है। बाकी आरोपी भी जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।

अफीम की तलाश में थे अपराधी

Jharkhand : उन्होंने बताया कि अपराधियों को सूचना मिली थी कि ग्राम प्रधान के घर पर तीन किलोग्राम अफीम है। लाखों रुपये की अफीम लूटने के लिए अपराधियों ने हमला किया। घर की तलाशी और ग्राम प्रधान से पूछताछ के बाद भी अफीम नहीं मिला तो ग्राम प्रधान की हत्या कर दी गई। इससे पहले घर में रखे सामान को तहस-नहस कर दिया गया। इसी दौरान अपराधियों ने बलराम मुंडा के भांजे आचू मुंडा पर भी हमला कर घायल कर दिया।

आसपास के घरों के दरवाजे बंद ​कर दिए थे

Jharkhand : वारदात को अंजाम देने के दौरान उन्होंने बलराम मुंडा के पड़ोस के तमाम घरों के दरवाजे बंद कर दिए थे, ताकि शोर सुनकर कोई मदद को आगे नहीं आ सके। पुलिस ने बुधराम हस्सा उर्फ मास्टर के अलावा जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें बीरबल मुंडा, सीनु मुंडा, केदार मुंडा उर्फ बुध, पुष्पेन्द्र यादव, पतरस पाहन, पलटन मुंडा, पाउ पाहन, अभिषेक हस्सा और कालीप पूर्ति शामिल हैं। इनमें पुष्पेन्द्र यादव और पतरस पाहन पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। अपराधियों के पास से तीन देसी कट्टा, दो पिस्टल, 14 जिंदा गोली, 10 मोबाइल फोन, दो चाकू, पांच मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई