मोतिहारी। Pahalgam attack : पहलगाम में हुए हालिया आतंकवादी हमले को लेकर रक्षा संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि देश बदल रहा है। यही वजह है कि अब कश्मीर के मुस्लिम भी आतंकवाद के विरोध में लड़ने के लिए तैयार हैं।
कश्मीर के मुस्लिम आतंकवाद का विरोध कर रहे
रक्षा समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह मोतिहारी में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर के मुस्लिम लगातार आतंकवाद और पहलगाम की घटना का विरोध कर रहे हैं। उन्हें समझ में आ गया है कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद वहां के मुस्लिमों का आर्थिक विकास हो रहा है। यही वजह है कि अब पाक अधिकृत कश्मीर के मुस्लिम भारत में शामिल होने के लिए बेचैन हैं।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने निहत्थे पर्यटकों पर गोलियां बरसाई थीं। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए। हमले के पीड़ितों ने बताया कि आतंकवादियों ने लोगों को मारने से पहले उनसे उनका धर्म पूछा। इस हमले के बाद देशभर में रोष देखने को मिल रहा है। लोग केंद्र सरकार से सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हमले के पीछे पड़ोसी मुल्क का हाथ
सरकार ने हमले के पीछे पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान का हाथ होने की बात कही है। पहलगाम घटना के बाद सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में केंद्र सरकार ने कई कड़े और बड़े फैसले लिए, जिनमें सिंधु जल समझौते को निरस्त करना, पाकिस्तान से अपने राजनयिकों को वापस बुलाना और भारत स्थित पाकिस्तानी दूतावास में कर्मचारियों की संख्या 55 से घटाकर 30 करना महत्वपूर्ण है।
इस कायराना आतंकी हमले के बाद देश के साथ-साथ विदेशों से भी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। अमेरिका, रूस और इजरायल जैसे महत्वपूर्ण देश भारत का समर्थन कर रहे हैं।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







