'एन पी एन लाइव'

IPL 2025 : मुंबई इंडियंस की तीसरी जीत के दौरान बने ये बड़े रिकॉर्ड

SHARE:

IPL 2025

नई दिल्ली। IPL 2025 :


इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 33वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 4 विकेट से हरा दिया। सनराइजर्स ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 18.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल करके एक अहम जीत दर्ज की। ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले विल जैक्स को जीत में मुख्य भूमिका अदा करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड दिया गया।

मुंबई इंडियंस 7वें स्थान पर आई

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस 7 मैचों में तीन मुकाबले जीतकर अंक तालिका में 7वें स्थान पर आ गई है, तो वहीं सनराइजर्स 9वें स्थान पर मौजूद है। सनराइजर्स के लिए आइपीएल 2025 कुछ खास नहीं रहा है क्योंकि वे 7 मैचों में सिर्फ दो ही मैच जीत पाए हैं। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद इस सीजन की एकमात्र ऐसी टीम है जिसने घरेलू मैदान के बाहर कोई जीत दर्ज नहीं की है। यह मुकाबला भी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था।

इन्होंने 28 बार जीत दर्ज की

वहीं, वानखेड़े मुंबई इंडियंस की टीम के लिए मजबूत किले की तरह रहा है, जहां उन्होंने चेज करते हुए 29वीं जीत दर्ज की है। आइपीएल में किसी और टीम ने किसी एक मैदान पर लक्ष्य का पीछा करते हुए इतनी जीत दर्ज नहीं की है। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम आता है, जिन्होंने ईडन गार्डन्स में चेज करते हुए 28 बार जीत दर्ज की है।

दुर्लभ संयोग भी देखने को मिला

इस मैच में एक दुर्लभ संयोग भी देखने के लिए मिला, जब मुंबई इंडियंस के टॉप-6 बल्लेबाजों ने 20 या उससे ज्यादा रन बनाए। आइपीएल के इतिहास में ऐसा केवल दूसरी बार हुआ है। खास बात यह है कि इससे पहले भी ऐसा मुंबई इंडियंस ने ही किया था और यह मुकाबला भी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला (आईपीएल 2024) गया था।

मुंबई इंडियंस के लिए एक और राहत

मुंबई इंडियंस के लिए जीत के अलावा एक और राहत की बात रोहित शर्मा के बढ़ते क्रम में दर्ज किए गए स्कोर हैं। रोहित शर्मा ने आइपीएल 2025 की शुरुआत शून्य से की थी। इसके बाद वह 8, 13, 17, 18 और अब 26 रनों की पारी खेल चुके हैं। बढ़ते क्रम में बने ये स्कोर अगर स्थिर रहे तो रोहित से अगले मैचों में 26 रनों से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। रोहित शर्मा ने इस मैच में 16 गेंदों पर 26 रन की पारी खेली।

रोहित शर्मा ने छक्कों का शतक भी पूरा किया

रोहित शर्मा ने वानखेड़े में छक्कों का शतक भी पूरा कर लिया है। रोहित वानखेड़े में 102 छक्के भी लगा चुके हैं। किसी और बल्लेबाज ने आइपीएल में इस मैदान पर इतने छक्के नहीं लगाए हैं। आइपीएल में एक मैदान पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी में 130 छक्के लगाए हैं। क्रिस गेल भी बेंगलुरु में आइपीएल करियर में 127 छक्के लगा चुके हैं। एबी डिविलियर्स के नाम बेंगलुरु में 118 छक्कों का रिकॉर्ड है। रोहित एक मैदान पर आइपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में चौथे स्थान पर आ चुके हैं।

-आइएएनएस

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई