Vaishali Police Attack : वैशाली में शराबबंदी पर बवाल
हाजीपुर, 21 जनवरी। Vaishali Police Attack : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को लेकर पुलिस की सख्ती के बीच वैशाली जिले के जुरावनपुर थाना क्षेत्र से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है, जबकि एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना है कि छापामारी में कोई शराब बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद पुलिस गाली गलौज शुरू कर दी और हथियार लहराना शुरू कर दिया।
छापेमारी से शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते बदला हिंसा में
Vaishali Police Attack : जानकारी के अनुसार, यह घटना पहाड़पुर गांव की है। पुलिस को देशी शराब के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जुरावनपुर थाना की पुलिस टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध शराब कारोबारियों को हिरासत में लिया और थाना ले जाने लगी।
इसी दौरान गांव के कुछ लोग पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। विरोध धीरे-धीरे उग्र होता चला गया और कुछ ही देर में 30 से 35 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
पुलिस वाहन रोका, ठेला लगाकर सड़क जाम
Vaishali Police Attack : भीड़ ने पुलिस वाहन के सामने ठेला लगाकर रास्ता रोक दिया और पुलिस टीम को घेर लिया। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मी संभल भी नहीं पाए।
हमले में पुलिसकर्मी घायल, हालात बिगड़ते देख चली गोलियां
Vaishali Police Attack : ईंट-पत्थरबाजी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को आत्मरक्षा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भीड़ तितर-बितर हो गई।
19 नामजद, एक आरोपित गिरफ्तार
Vaishali Police Attack : सदर-एक के अनुमंडल पुलिस अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि इस घटना को लेकर जुरावनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 19 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मी की हालत अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
Vaishali Police Attack : घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ को पुलिस वाहन घेरते और पत्थरबाजी करते देखा जा सकता है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का आरोप : शराब नहीं मिली, फिर भी बदसलूकी
Vaishali Police Attack : ग्रामीणों का आरोप है कि छापेमारी के दौरान पुलिस को कोई शराब बरामद नहीं हुई थी। इसके बावजूद पुलिस ने गाली-गलौज की और हथियार दिखाकर ग्रामीणों को डराने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
प्रशासन सख्त, कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







