नई दिल्ली, 6 दिसंबर। UP Peace : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में आयोजित हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2025 में राज्य की बदलती तस्वीर पर विस्तार की। कहा कि उत्तर प्रदेश अब अशांति और तनाव की पहचान से बाहर निकलकर शांति, स्थिरता और निवेश के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को राज्य के इतिहास का एक महत्वपूर्ण ‘टर्निंग पॉइंट’ बताया।
6 दिसंबर की तारीख का उल्लेख
UP Peace : मुख्यमंत्री ने 6 दिसंबर की तारीख का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिन लंबे समय तक उत्तर प्रदेश में तनाव, कर्फ्यू और अशांति से जुड़ा रहा है। लेकिन आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आज के दिन, जो कभी प्रदेश के लिए तनाव का प्रतीक होता था, उसी दिन वे उत्तर प्रदेश में दो कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शांति से दिल्ली आकर एक राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में बैठे हैं। इसी को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा— “न कर्फ्यू है, न दंगा है, उत्तर प्रदेश में सब चंगा है।”
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताया
UP Peace : योगी आदित्यनाथ ने बाबरी मस्जिद के विध्वंस से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए उसे एक ऐतिहासिक दाग बताया और सुप्रीम कोर्ट के 2019 के फैसले को ऐतिहासिक और दूरदर्शी करार दिया। उनके अनुसार, राम मंदिर का निर्माण केवल एक धार्मिक घटना नहीं है, बल्कि यह दशकों पुराने विवाद के अंत और एक नए, सकारात्मक भविष्य की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आज़ाद भारत की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है, जिसने विकास और एकता के रास्ते खोले हैं।
उत्तर प्रदेश अब दंगा मुक्त
सीएम ने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश “दंगा-मुक्त” हो चुका है और यही शांति राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश का आधार बनी है। उन्होंने जोर दिया कि जब राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत होती है, तभी उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। राज्य में आई यह स्थिरता विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प से भी जुड़ी हुई है, जिसमें उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होने वाली है।
उन्होंने कहा— “जहां शांति होती है, वहां खुशहाली आती है और खुशहाली से शासन व्यवस्था पर लोगों का भरोसा मजबूत होता है।”
उनकी सरकार का पूरा जोर राज्य में एक सुरक्षित, अनुकूल और स्थिर माहौल बनाने पर है ताकि औद्योगिक विकास और निवेश को लगातार बढ़ावा मिल सके।
सरकार हर जगह पहुंचेगी
जब उन्हें काशी और मथुरा जैसे अन्य धार्मिक स्थलों के भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार हर जगह पहुंचेगी और पहुंच भी चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने उस नारे का भी अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन किया, जिसमें कहा जाता है कि—
“अयोध्या तो बस झांकी है, काशी-मथुरा अभी बाकी है।”
शांति और समृद्धि की दिशा में आगे
UP Peace : सीएम योगी के भाषण में धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक पहलुओं का गहरा समन्वय नजर आया। उन्होंने उत्तर प्रदेश को न केवल आध्यात्मिक जागरण का केंद्र, बल्कि एक उभरते वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में भी प्रस्तुत किया। उनके अनुसार, लंबे समय से चले आ रहे विवादों का समाधान और मजबूत कानून-व्यवस्था प्रदेश को शांति और समृद्धि की दिशा में आगे ले जा रही है।
इस तरह योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय परिवर्तन और विकास के एक मॉडल के रूप में पेश करते हुए यह संदेश दिया कि अब राज्य भय या तनाव नहीं, बल्कि भरोसे, शांति और अवसरों का प्रतीक बन चुका है।







