गोपालगंज, 27 दिसंबर। Thawe Temple Theft : बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। आरोपित को पकड़ने के दौरान शनिवार को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपित गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से मां थावे भवानी के चोरी हुए सोने के मुकुट के कई हिस्से बरामद किए हैं।
Thawe Temple Theft : अपराधी ने पुलिस पर की फायरिंग
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने थावे थाना क्षेत्र के रिकी टोला के पास छापेमारी की। इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपित इजमामूल आलम के पैर में गोली लगी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घटनास्थल से मुकुट के कुछ टुकड़े, एक मोबाइल फोन और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपित ने अपने पूरे गिरोह और चोरी किए गए आभूषणों से जुड़ी जानकारी पुलिस को दी है। उन्होंने बताया कि चोरी के समय का जो सीसीटीवी फुटेज मिला था, उसमें भी इजमामूल आलम की पहचान हुई है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले के पूर्ण खुलासे का दावा किया है।
घायल आरोपित मोतिहारी का
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपित मूल रूप से मोतिहारी का रहने वाला है और फिलहाल भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में रह रहा था। बरामद सामानों में मां थावे भवानी के मुकुट के महत्वपूर्ण हिस्से शामिल हैं।
अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
Thawe Temple Theft : एसपी ने आगे बताया कि आरोपित ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में यह भी बताया है कि आभूषण किसे दिए गए और बाकी जेवरात कहां रखे गए हैं। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस को जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि इससे पहले इस मामले में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी दीपक राय को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।







