Sand Art Bihar : बालू में उकेरा गया विकास का सपना, समृद्धि यात्रा में सैंड आर्ट की चमक
झंझारपुर (मधुबनी)। Sand Art Bihar : बिहार समृद्धि यात्रा 2026 के तहत मधुबनी जिले में आयोजित कार्यक्रम में कला और विकास का अनोखा संगम देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार की भव्य सैंड आर्ट इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभरी। झंझारपुर के अररिया संग्राम दुर्गा मंदिर परिसर में तैयार की गई यह कलाकृति ‘विकसित बिहार’ के सात निश्चय-3 की अवधारणा को सजीव रूप में प्रस्तुत कर रही थी, जिस पर प्रमुखता से “समृद्धि यात्रा 2026” अंकित था।
जब बालू में दिखी मुख्यमंत्री की तस्वीर, ठहर गए कदम
Sand Art Bihar : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जैसे ही कार्यक्रम स्थल पर लगे स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्य मंच के प्रवेश द्वार पर पहुंचे, उनकी नजर सामने बनी अपनी ही बालू की तस्वीर पर पड़ी। मुख्यमंत्री कुछ पल रुककर इस कलाकृति को निहारते रहे और मुस्कुराते हुए सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार को ‘थैंक्यू’ कहा। यह क्षण वहां मौजूद लोगों के लिए खास और यादगार बन गया।
सेल्फी पॉइंट बनी सैंड आर्ट, सोशल मीडिया पर छाई कला
Sand Art Bihar : मुख्यमंत्री के प्रस्थान के बाद भी यह सैंड आर्ट लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचे, कलाकार के साथ सेल्फी ली और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। देखते ही देखते यह कलाकृति वायरल हो गई।
‘समृद्ध मधुबनी, विकसित बिहार’ का संदेश
मधुरेंद्र कुमार ने अपनी इस रचना के माध्यम से “समृद्ध मधुबनी, विकसित बिहार” का सशक्त संदेश दिया, जिसने कला के जरिए विकास की सोच को आमजन तक पहुंचाया।
गण्यमान्य अतिथियों ने की सराहना
Sand Art Bihar : कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डीजीपी विनय कुमार, पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, सांसद संजय झा, मधुबनी डीएम आनंद शर्मा, एसपी योगेंद्र कुमार, जिला कला एवं सांस्कृतिक पदाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने कलाकार की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कला बनी विकास की आवाज
समृद्धि यात्रा के इस आयोजन में सैंड आर्ट ने न सिर्फ जनजागरूकता का संदेश दिया, बल्कि यह साबित किया कि जब कला और विकास साथ चलते हैं तो उनका प्रभाव और भी गहरा हो जाता है।







