नई दिल्ली। Pahalgam attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के परिप्रेक्ष्य में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को देश के दुश्मनों को चेतावनी देते हुए कहा कि देश की तरफ आंख उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
रक्षा मंत्री ने कहा, “मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जैसा आप चाहते हैं, वैसा होकर रहेगा।” रक्षा मंत्री के मुताबिक, देश के लोग जो चाहते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुश्मनों को उसी भाषा में जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री के रूप में उनका यह दायित्व है कि अपनी सेना के साथ मिलकर देश की सीमाओं की रक्षा करें। साथ ही देश की तरफ आंख उठाकर देखने वालों को जवाब दिया जाए।
उन्होंने कहा, “आप सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी कार्यशैली से भलीभांति परिचित हैं। उनकी दृढ़ता से भी भलीभांति परिचित हैं। जोखिम उठाने का भाव उन्होंने सीखा है, उससे भी आप परिचित हैं।” रक्षा मंत्री रविवार को दिल्ली में संस्कृति जागरण महोत्सव में साधु संतों के बीच बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत अमर रहेगा। दुनिया की कोई ताकत भारत को मिटा नहीं सकती।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की शक्ति केवल उसकी सैन्य ताकत में नहीं, बल्कि यह शक्ति संस्कृति और अध्यात्म में भी निहित है।
22 अप्रैल को हुआ था आतंकी हमला
उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था। इस आतंकवादी हमले में आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी।
आतंकवादी हमले के बाद पूरी स्थिति की समीक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तीनों सेनाओं के प्रमुखों, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी। इस दौरान सरकार ने सेना को स्थिति से निपटने के लिए खुली छूट देने का निर्णय किया था।
तिलमिलाया पाकिस्तान संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है
पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद सेना ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकवादियों पर शिकंजा कस दिया है। इससे तिलमिलाया पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। पाकिस्तान बीते 10 दिन से नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने वायुसेना प्रमुख से मुलाकात की
इस बीच, प्रधानमंत्री ने शनिवार को नौसेना प्रमुख और रविवार को वायु सेना प्रमुख से मुलाकात की है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए ये मुलाकातें काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने देश को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य समस्त देशवासियों के समक्ष रखा है। यह कोई छोटा लक्ष्य नहीं है, लेकिन पूरा होकर रहेगा।
आज विश्व में भारत की बात सुनी जाती है
उन्होंने यह भी कहा कि आज विश्व में भारत की बात सुनी जाती है। पहलगाम हमले के बाद भारत ने विश्व के कई महत्वपूर्ण देशों के साथ चर्चा की है। अमेरिका समेत कई देशों ने भारत का समर्थन किया है। अब भारत और जापान एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय चर्चा करने जा रहे हैं। इस चर्चा में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की मौजूदा स्थिति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
चर्चा महत्वपूर्ण
हाल ही में हुए पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच होने वाली ये चर्चा काफी महत्वपूर्ण है। इस चर्चा में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। वहीं, जापान की ओर से जापान के रक्षा मंत्री शामिल होंगे। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, राजनाथ सिंह सोमवार को नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री जनरल नाकातानी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
दोनों पक्ष वर्तमान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। -आइएएनएस
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







