'एन पी एन लाइव'

Padma Awards: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का शुभ समय तय करने वाले गणेश्वर शास्त्री को मिला सम्मान

SHARE:

Padma Awards

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 71 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से किया सम्मानित

नई दिल्ली। Padma Awards :  राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में सोमवार को पद्म पुरस्कारों का वितरण किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चार पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री पुरस्कारों से कुल 71 हस्तियों को सम्मानित किया।

नागरिक अलंकरण समारोह के पहले चरण में वर्ष 2025 के लिए पद्म पुरस्कारों का वितरण किया गया। वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। सुजुकी मोटर के पूर्व सीईओ ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत) को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म विभूषण दिया गया। उनके बेटे और सुजुकी मोटर्स के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।

पंकज उधास को भी पुरस्कार

फिल्म निर्देशक शेखर कपूर, अभिनेता और आंध्र प्रदेश के विधायक नंदमुरी बालकृष्ण, अभिनेता एस. अजित कुमार, गायक पंकज उधास (मरणोपरांत) को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पंकज उधास की तरफ से उनकी पत्नी फरीदा पंकज उधास ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया। इनके अलावा पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी पी.आर. श्रीजेश को खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण पुरस्कार मिला।

गायिका जसपिंदर नरूला को कला के क्षेत्र में और क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को खेल के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

वैदिक विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ को पद्म श्री

प्रसिद्ध वैदिक विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ को भी पद्म श्री पुरस्कार मिला। उन्होंने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के भूमि पूजन का शुभ समय तय किया था।

वैदिक संस्कृति और आध्यात्मिकता पर अपने लेखन के लिए जाने जाने वाले अमेरिकी लेखक और शोधकर्ता स्टीफन नैप को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति से पद्म श्री पुरस्कार मिला।

देश के सर्वोच्च सम्मान में से एक

उल्लेखनीय है कि पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। हर साल ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, उद्योग, चिकित्सा और साहित्य जैसे कई क्षेत्रों में समाज के लिए सकारात्मक योगदान के लिए दिए जाते हैं। -आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई