नई दिल्ली। Operation Sindoor : ‘आपरेशन सिंदूर’ में पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले क्षेत्र में आतंकियों के नौ ठिकानों और एक सौ से अधिक आतंकवादियों की मौत के बाद दुश्मन देश बौखला गया है। इस बौखलाहट में उसने 7—8 मई की रात को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की नापाक चेष्टा की। भारत की एयर डिफेंस प्रणाली ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। उधर, सौ से अधिक आतंकियों के जहन्नुम पहुंच जाने के बाद पाकिस्तान लगातार लाइन आफ कंट्रोल पर गोलाबारी कर रहा है। इस गोलाबारी में एक भारतीय जवान सहित 16 निर्दोष नागरिकों की मौत हो चुकी है। पाकिस्तान की इस हरकत का भारतीय सेना माकूल जवाब दे रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ‘आपरेशन सिंदूर’ जारी है। भारत की कार्रवाई में लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम निष्क्रिय हो गया है।
भारत ने की थी सधी हुई कार्रवाई
भारतीय सेना ने 7 मई को ऑपरेशन “सिंदूर” के तहत आतंकी ठिकानों पर सधी हुई लक्षित कार्रवाई की थी। भारतीय सेना ने आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया। भारत ने कहा कि उसकी कार्रवाई सोच-समझकर की गई थी और इसका मकसद तनाव बढ़ाना नहीं था। भारत ने साफ किया कि उसने पाकिस्तानी सेना के किसी ठिकाने को निशाना नहीं बनाया है। साथ ही यह भी दोहराया कि अगर भारत की सेना पर हमला होता है तो उसका उचित जवाब दिया जाएगा।
सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश
रक्षा मंत्रालय के अनुसार 7 और 8 मई की दरमियानी रात पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की। लेकिन भारत की एयर डिफेंस प्रणाली ने इन्हें नाकाम कर दिया। इन हमलों का मलबा अब कई जगहों से मिल रहा है, जो इन हमलों का सबूत है।
गुरुवार सुबह भारतीय सेना ने पाकिस्तान में कुछ जगहों पर एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया। भारत की यह जवाबी कार्रवाई उसी तरह और उसी स्तर की थी, जैसी पाकिस्तान ने की थी। विश्वसनीय जानकारी के अनुसार लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया गया है।
पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी
पाकिस्तान अब नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बिना किसी उकसावे के भारी गोलाबारी कर रहा है। उसने कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी जैसे इलाकों में मोर्टार और भारी तोपें इस्तेमाल की हैं। पाकिस्तानी गोलीबारी में अब तक 16 बेगुनाह लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें तीन महिलाएं और पांच बच्चे भी शामिल हैं। इन हालातों में भारत को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, ताकि पाकिस्तान की ओर से हो रही गोलीबारी को रोका जा सके।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार भारतीय सेना तनाव न बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराती है, लेकिन यह तभी संभव है जब पाकिस्तान की सेना भी इसका पालन करे।
बता दें कि गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी देने के लिए एक सर्वदलीय बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है और अब तक 100 से अधिक आतंकी भारतीय सेना की कार्रवाई में मारे गए हैं।-आइएएनएस
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







