पटना, 6 मई। Mock drill : बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि राज्य के पांच जिलों में बुधवार को मॉक ड्रिल की जाएगी। इनमें कटिहार, पूर्णिया और बरौनी जिले भी शामिल हैं।
दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को बताया कि देश की सुरक्षा के लिए अगर हमें युद्ध की ओर जाना है तो यहां की जनता को यह समझना होगा कि युद्ध के दौरान हमें किस तरह से अपनी सुरक्षा करनी है।
सुरक्षा तैयारियों को लेकर बड़ा कदम
गृह मंत्रालय के आदेश पर 7 मई को देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मॉक ड्रिल की जाएगी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा तैयारियों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने देश के कई राज्यों को 7 मई को व्यापक नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब भारत सरकार ने सेना को खुली छूट दे दी है। सरकारी सूत्रों के अनुसार मॉक ड्रिल के तहत महत्वपूर्ण गतिविधियां की जाएंगी। इस दौरान एयर रेड वार्निंग सायरन का संचालन होगा। यह बड़े खतरे और दुश्मन की गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी करने से जुड़ा कदम है।
सुरक्षित रहने की तकनीक का प्रशिक्षण
नागरिकों और छात्रों को संभावित हमलों की स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक नागरिक सुरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। क्रैश ब्लैकआउट की व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत दुश्मन की हवाई निगरानी या हमले से शहरों और ढांचों को छिपाने के लिए आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया जाएगा।
रोडमैप तैयार
‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के बारे में दिलीप जायसवाल ने कहा कि इस बैठक में इस बात पर जोर दिया गया है कि एक-एक वोटर को कैसे एनडीए और भाजपा की ओर लाया जाए। इसके लिए पूरा रोडमैप तैयार हो रहा है।
इस साल बिहार में चुनाव
उल्लेखनीय है कि बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसके लिए भाजपा-एनडीए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने जा रही है। एनडीए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। वहीं, ‘इंडिया’ ब्लॉक में अभी कोई चेहरा निश्चित नहीं हुआ है।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







