'एन पी एन लाइव'

Mehul Choksi arrested : पीएनबी ऋण धोखाधड़ी में मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार

SHARE:

Mehul Choksi arrested

नई दिल्ली, आइएएनएस : Mehul Choksi arrested :


पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ऋण धोखाधड़ी मामले में वांछित भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआइ के सूत्रों ने बताया कि भारतीय एजेंसियों के अनुरोध पर यह कार्रवाई की गई। 65 वर्षीय चोकसी को कथित तौर पर शनिवार (12 अप्रैल) को गिरफ्तार किया गया। व्यवसायी अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ बेल्जियम के एंटवर्प में ‘रेसिडेंसी कार्ड’ (निवास कार्ड) प्राप्त करने के बाद रह रहा है।

वह खराब स्वास्थ्य और अन्य कारणों का हवाला देते हुए जमानत की मांग कर सकता है।

चोकसी और उसके भतीजे नीरव मोदी पर आरोप है कि दोनों ने पीएनबी से 13,850 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा वांछित हैं।

उन्होंने कथित तौर पर मुंबई में बैंक की ब्रैडी हाउस शाखा के अधिकारियों को रिश्वत देकर लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (एलओयू) और विदेशी क्रेडिट लेटर (एफएलसी) का इस्तेमाल किया।

सीबीआइ ने चोकसी, उसके भतीजे नीरव मोदी, उनकी कंपनियों, बैंक कर्मचारियों और अन्य पर साजिश, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मामले दर्ज किए हैं।

भाग गए थे भारत से

पीएनबी में घोटाला सामने आने से कुछ हफ्ते पहले चोकसी और नीरव मोदी जनवरी 2018 में भारत से भाग गए थे। रिपोर्टों के अनुसार, चोकसी अपनी पत्नी प्रीति चोकसी, जो बेल्जियम की नागरिक है, के साथ एंटवर्प में रह रहा है।

एंटीगुआ और बारबुडा के नागरिक ने कथित तौर पर अपने इलाज के लिए द्वीप राष्ट्र छोड़ दिया। 2021 में, वह एंटीगुआ से लापता हो गया, लेकिन बाद में एक अन्य कैरिबियाई द्वीप राष्ट्र, डोमिनिका में पाया गया।

प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध का विरोध

चोकसी गीतांजलि जेम्स का संस्थापक है। वहीं, नीरव मोदी ब्रिटेन की जेल में है और भारतीय अधिकारियों के प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध का विरोध कर रहा है। उसे 2019 में भगोड़ा आर्थिक अपराधी (एफईओ) घोषित किया गया था, जबकि मेहुल चोकसी के खिलाफ ईडी की याचिका 2018 से लंबित है।

भारतीय एजेंसियों ने किया था अनुरोध

सूत्रों ने बताया कि चोकसी की गिरफ्तारी तब हुई जब उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस हटाए जाने के बाद भारतीय एजेंसियों ने प्रत्यर्पण का अनुरोध किया।

ईडी और सीबीआइ ने नोटिस हटाए जाने के बावजूद नए सिरे से अनुरोध किया, जिसके कारण अंततः बेल्जियम में उसकी गिरफ्तारी हुई।

सूत्रों ने बताया कि उसे जल्द से जल्द भारत लाए जाने के प्रयास हो रहे हैं। हालांकि, बेल्जियम की अदालतों में कानूनी अड़चनों के कारण प्रक्रिया में देरी हो सकती है।

ohm verma
Author: ohm verma

Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई