नई दिल्ली, 18 दिसंबर। Gee Ram Gee Bill : लोकसभा में गुरुवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलकर ‘विकसित भारत: जी राम जी’ बिल किए जाने पर जोरदार बहस देखने को मिली। कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि महात्मा गांधी केवल नाम नहीं, बल्कि हमारी आस्था, प्रेरणा और विश्वास हैं।
शिवराज ने स्पष्ट किया कि सरकार बापू का अपमान नहीं कर रही, बल्कि उनके आदर्शों पर चल रही है। उन्होंने बताया कि रात डेढ़ बजे तक सदस्यों की बातें सुनीं और जवाब देना उनका अधिकार है। विपक्षी सांसदों के हंगामे पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि किसी की बात न सुनना लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है और संविधान की भावना के खिलाफ है। यह बापू के सिद्धांतों के विपरीत और एक तरह की हिंसा भी है।
गांवों के उत्थान के लिए यह बिल
Gee Ram Gee Bill : शिवराज ने आरोप लगाया कि विपक्ष गांवों के विकास से जुड़े बिल का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह बिल देश के गांवों के उत्थान के लिए लाया गया है और इसका विरोध समझ से परे है। उन्होंने दोहराया कि सरकार किसी राज्य के साथ भेदभाव नहीं करती। चाहे चेन्नई हो या गुवाहाटी, कश्मीर हो या कन्याकुमारी, पूरा देश हमारे लिए समान है। हमारे विचार संकीर्ण और सीमित नहीं हैं।
इसी बीच विपक्षी सांसदों ने बिल की कॉपी फाड़कर शिवराज की ओर फेंकना शुरू कर दिया।
बापू हमारी प्रेरणा हैं
Gee Ram Gee Bill : महात्मा गांधी को याद करते हुए शिवराज ने कहा कि बापू हमारी प्रेरणा, आस्था और विश्वास हैं। भारतीय जनता पार्टी ने गांधी के सिद्धांतों को अपनी पंच निष्ठाओं में शामिल किया है। गांधी जी का मानना था कि गांव, भारत की आत्मा हैं और यदि गांव कमजोर होंगे तो देश भी कमजोर होगा। यह बिल उसी सोच पर आधारित है और गांवों के विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
विपक्ष के भेदभाव के आरोपों पर जवाब देते हुए शिवराज ने कहा कि अलग भाषा, वेश-भूषा और परंपराओं के बावजूद देश एक है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए कहा कि यह देश केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि जीवित राष्ट्रपुरुष है और कश्मीर इसका मस्तक है।
भारत माता हमारे जीवन की प्रेरणा
Gee Ram Gee Bill : शिवराज ने कहा कि भारत माता हमारे जीवन की प्रेरणा है और पूरे देश का संतुलित विकास मोदी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उल्लेख करते हुए बताया कि संघ ने लाखों कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण के कार्य में जुटाया है। हिंदुत्व की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा, “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो” और “वसुधैव कुटुंबकम” हिंदुत्व का सार है।
मनरेगा के नाम को लेकर उन्होंने कहा कि शुरुआत में इस योजना का नाम महात्मा गांधी पर नहीं था। 2009 के चुनाव के समय कांग्रेस ने इसका नाम गांधी जी पर जोड़ा। शिवराज ने दावा किया कि मोदी सरकार ने इसे पूरी ताकत से लागू किया है और यूपीए और मोदी सरकार के दौरान हुए बजटीय खर्च और मानव श्रम दिवस के आंकड़े सदन में पेश किए।
कांग्रेस पर साधा निशाना
Gee Ram Gee Bill : कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शिवराज ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा सरकार पर नाम बदलने का आरोप लगा रही हैं, जबकि असली सनक कांग्रेस में थी। उन्होंने नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर बनाई गई योजनाओं, संस्थानों, सड़कें और 15 राष्ट्रीय उद्यानों का जिक्र किया और सवाल उठाया कि कितनी योजनाएं वास्तव में चल रही हैं।
शिवराज ने कहा कि मनरेगा का बेहतर क्रियान्वयन मौजूदा सरकार ने किया है। उन्होंने गांधी जी के 1948 के कथन का हवाला दिया कि आजादी के बाद कांग्रेस का काम पूरा हो गया और उसे भंग कर देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने की चाह में कांग्रेस ने गांधी जी के विचारों की उपेक्षा की।
Gee Ram Gee Bill : शिवराज ने मनरेगा की कमियों की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि सरकार नया बिल गांवों के सशक्तीकरण और काम में विश्वास के लिए ला रही है, ढोंग नहीं।







