'एन पी एन लाइव'

IPL 2025 : भारत-पाकिस्तान में तनाव के बीच आइपीएल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

SHARE:

IPL 2025

नई दिल्ली। IPL 2025 : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच बीसीसीआइ ने इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) 2025 को अनिश्चितकाल के लिए रोकने का फैसला किया है। यह फैसला शुक्रवार को हुई आपात बैठक में लिया गया। यह जानकारी सूत्रों ने दी।

गुरुवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच चल रहा मैच पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई और ड्रोन हमलों के कारण 10.1 ओवर के बाद ही रोकना पड़ा था। हमलों के कारण जम्मू, पठानकोट और उधमपुर में ब्लैकआउट करना पड़ा। ये तीनों इलाके धर्मशाला के पास हैं। इसके बाद टूर्नामेंट को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई थी।

बीसीसीआइ के सूत्रों ने बताया, “हां, अभी-अभी बैठक खत्म हुई है। सभी संबंधित अधिकारियों से बात करने के बाद यह फैसला लिया गया है। आगे की जानकारी बीसीसीआइ जल्द ही देगा।”

आइपीएल से जुड़े सूत्रों ने कहा, “देश के साथ खड़े होने के लिए बीसीसीआइ ने आइपीएल 2025 को तुरंत प्रभाव से रोकने का फैसला लिया है। अभी यह साफ नहीं है कि आगे इसे दोबारा कब शुरू किया जाएगा। हो सकता है साल के अंत में मौका मिले, लेकिन फिलहाल कुछ तय नहीं है।”

धर्मशाला मैच के रद होने के बाद लीग में शामिल कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। बीसीसीआइ ने पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमों, मैच अधिकारियों, कमेंटेटरों, प्रसारण कर्मचारियों और अन्य जरूरी लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाने के लिए एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था की।—आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई