IAF Sukhoi-30 : रूटीन मिशन के दौरान अचानक गायब
गुवाहाटी, 5 मार्च। IAF Sukhoi-30 : भारतीय वायु सेना (आइएएफ) का सुखोई एसयू-30एमकेआई लड़ाकू विमान गुरुवार को असम के कार्बी आंगलोंग जिले में उड़ान भरते समय अचानक रडार से गायब हो गया। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि विमान का संपर्क ग्राउंड कंट्रोल से टूट गया और इसके बाद तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
रक्षा पीआरओ के अनुसार, सुखोई-30 एमकेआइ एक रूटीन मिशन पर था, जब अचानक उसका कम्युनिकेशन टूट गया। इसके बाद एयरफोर्स की टीमों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में तैनात कर विमान और पायलटों का पता लगाने का काम शुरू किया गया।
घने जंगल और पहाड़ी इलाके में ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण
IAF Sukhoi-30 : डिफेंस सूत्रों ने बताया कि विमान का अंतिम पता घने जंगल और पहाड़ी इलाके में है, जिससे सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। रेस्क्यू टीमें स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों के सहयोग से खोज जारी रख रही हैं।
सुखोई-30 एमकेआइ की महत्ता
IAF Sukhoi-30 : सुखोई-30एमकेआइ भारतीय वायु सेना का एक फ्रंटलाइन मल्टी-रोल फाइटर है और यह देश की एयर डिफेंस क्षमता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आइएएफ ने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करते हुए बताया कि विमान जोरहाट से उड़ान भर रहा था और आखिरी बार शाम 7.42 बजे संपर्क में आया था।
पहले भी हो चुकी हैं दुर्घटनाएं
सुखोई-30एमकेआइ से जुड़ी घटनाएं पहले भी हुई हैं।
- अगस्त 2019: असम के तेजपुर के पास रूटीन ट्रेनिंग मिशन के दौरान क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित।
- मई 2015: टेक-ऑफ के तुरंत बाद तेजपुर एयरफोर्स बेस से 36 किमी दक्षिण में क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सर्च ऑपरेशन जारी है और स्थिति स्पष्ट होने पर अतिरिक्त जानकारी साझा की जाएगी।







