Gold Silver Prices : नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे भाव
मुंबई, 26 दिसंबर। Gold Silver Prices : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों और अगले वर्ष अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं के बीच सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को सोना और चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए।
एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 0.72 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ 1,39,286 रुपये प्रति 10 ग्राम के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं, मार्च वायदा चांदी में 4 प्रतिशत से अधिक की उछाल देखने को मिली और इसका भाव 2,33,183 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
खबर लिखे जाने तक इतना रहा दाम
Gold Silver Prices : खबर लिखे जाने तक सोना 1,123 रुपये यानी 0.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,39,220 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 9,210 रुपये या 4.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,33,000 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बनी हुई थी।
स्पॉट गोल्ड 0.5 प्रतिशत बढ़ा
Gold Silver Prices : विशेषज्ञों के अनुसार, सोने की कीमतों में यह मजबूती मुख्य रूप से अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव का परिणाम है। वैश्विक बाजारों में भी सोने में तेजी देखी गई और स्पॉट गोल्ड 0.5 प्रतिशत बढ़कर 4,501.44 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले यह 4,530.60 डॉलर प्रति औंस तक चढ़ चुका था।
बाजार सहभागियों का मानना है कि 2026 में अमेरिकी फेडरल रिजर्व महंगाई में कमी और श्रम बाजार में नरमी के चलते दो बार 0.25 प्रतिशत की दर से ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। इसके अलावा, वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण सुरक्षित निवेश विकल्पों की मांग भी लगातार बढ़ रही है।
ऐसे हो गई स्थिति तनावपूर्ण
Gold Silver Prices : अमेरिका-वेनेजुएला तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध और नाइजीरिया में आइएसआइएस के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई ने भू-राजनीतिक जोखिमों को और बढ़ा दिया है। हाल ही में अमेरिकी कोस्ट गार्ड द्वारा वेनेजुएला के कच्चे तेल से लदे एक सुपरटैंकर को जब्त किए जाने और अन्य जहाजों को रोके जाने की कोशिश से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
इतना रेजिस्टेंस है मौजूद
Gold Silver Prices : मेहता इक्विटी लिमिटेड के कमोडिटी उपाध्यक्ष राहुल कालंत्री ने बताया कि केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी और ईटीएफ में मजबूत निवेश प्रवाह से सोने को समर्थन मिल रहा है। उनके अनुसार, सोने में 1,35,710 से 1,36,550 रुपये के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 1,38,850 से 1,39,670 रुपये के बीच रेजिस्टेंस देखा जा रहा है। वहीं चांदी में 2,20,780 से 2,22,150 रुपये के बीच सपोर्ट और 2,25,810 से 2,26,970 रुपये के बीच रेजिस्टेंस मौजूद है।
विशेषज्ञों का कहना है कि केंद्रीय बैंकों की आक्रामक खरीद, फेड की संभावित दर कटौती, वैश्विक व्यापार और टैरिफ को लेकर अनिश्चितता, भू-राजनीतिक तनाव तथा गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में बढ़ता निवेश इस साल कीमती धातुओं की कीमतों को नई ऊंचाइयों तक ले गया है।







