पणजी, 7 दिसंबर। Goa Club Fire : गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 25 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। आग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा
Goa Club Fire : घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का दौरा किया और अधिकारियों को मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। उन्होंने साफ कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि क्लब में फायर सेफ्टी और बिल्डिंग से जुड़े सभी नियमों का पालन किया गया था या नहीं। अगर किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हादसे पर जताया दुख
Goa Club Fire : मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा कि यह गोवा के लिए बेहद दुखद दिन है और इस अपूरणीय क्षति से वे बेहद आहत हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जाएगी।
पीएम मोदी ने की बात
Goa Club Fire : सीएम सावंत ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति के बारे में पूछा। राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री को जमीनी हालात से अवगत कराया और भरोसा दिलाया कि प्रभावित लोगों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
केंद्रीय मंत्रियों ने जताया शोक
Goa Club Fire : इस हादसे पर कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी शोक व्यक्त किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।
जांच में जुटा प्रशासन
Goa Club Fire : फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी गड़बड़ी या किसी अन्य वजह से लगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मौके पर पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम मौजूद थे या नहीं।







