पटना, 16 नवंबर। Rohini Acharya case : बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने और परिवार से दूरी बनाने की खबरों ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि वे चाहते हैं कि जल्द से जल्द इस हालात में सुधार हो।
चिराग पासवान का बयान
Rohini Acharya case : पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि वे इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने बताया, “जब कोई परिवार इस तरह की कठिन परिस्थितियों से गुजरता है, तो मैं उनकी मानसिक स्थिति को समझ सकता हूं, क्योंकि मैं भी इसी तरह की परिस्थितियों का सामना कर चुका हूं।”
चिराग ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अलग हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा लालू परिवार को अपना माना है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, मीसा भारती, रोहिणी आचार्य और अन्य सदस्यों को उन्होंने अपना भाई और बहन माना है। उनका कहना था कि वे चाहते हैं कि पारिवारिक मुद्दे जल्द सुलझें।
घर में एकता का महत्व
Rohini Acharya case : चिराग पासवान ने यह भी कहा कि “अगर घर में एकता बनी रहती है, तो बाहर की कठिन परिस्थितियों से निपटना आसान हो जाता है। लेकिन अगर घर के अंदर कलह और मतभेद होंगे, तो बाहर की परिस्थितियां और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती हैं। राजद आज जिस दौर से गुजर रही है, उस पर घर में यह कलह और भी कठिनाई पैदा कर रही है। मैं समझ सकता हूं कि लालू परिवार वर्तमान में काफी चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है।”
दीपा मांझी की प्रतिक्रिया
Rohini Acharya case : वहीं, नवनिर्वाचित विधायक दीपा मांझी ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने पिता के लिए किडनी दान करने वाली बेटी के साथ घर में दुर्व्यवहार हुआ, उसे घर से बाहर निकाल दिया गया और शारीरिक रूप से भी प्रताड़ित किया गया। उनका कहना था कि अगर परिवार में ही ऐसे हालात हैं, तो ऐसे लोगों से समाज के लिए काम करने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
दीपा मांझी ने मतदाताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें दोबारा चुने जाने और अपने क्षेत्र की सेवा और विकास करने का सुनहरा अवसर देने के लिए जनता और एनडीए के सभी नेताओं का आभार है। उन्होंने यह भी कहा कि अब जनता ने जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरा उतरने और पूरे दिल से सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।







