BMC Election Results : भाजपा–शिवसेना गठबंधन की ऐतिहासिक बढ़त
मुंबई, 16 जनवरी। BMC Election Results : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों में भाजपा–शिवसेना गठबंधन ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अपनी बादशाहत साबित कर दी है। चुनाव नतीजों में महायुति गठबंधन को स्पष्ट और बड़ी बढ़त मिली है, जबकि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की राजनीतिक जोड़ी को बड़ा झटका लगा है।
मुंबई में बदला सियासी मिजाज
BMC Election Results : मुंबई और ठाणे समेत महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों के लिए 15 जनवरी को मतदान हुआ था। शुक्रवार से शुरू हुई मतगणना में शुरुआती रुझानों ने ही यह साफ कर दिया कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में इस बार सत्ता की चाबी भाजपा–शिवसेना के हाथ जाती दिख रही है।
बीएमसी का ‘किंग’ कौन? जवाब मिला—भाजपा–शिवसेना
BMC Election Results : सभी की निगाहें बीएमसी के चुनाव नतीजों पर टिकी थीं। रुझानों से यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा न केवल अपने पारंपरिक गढ़ों में मजबूत रही, बल्कि नए इलाकों में भी गहरी पैठ बनाने में सफल रही है। महायुति गठबंधन की बढ़त के साथ ही बीएमसी में मेयर पद पर कब्जे की संभावनाएं भी मजबूत हो गई हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि बीएमसी में जीत के बाद मराठी मेयर की नियुक्ति की जाएगी।
‘मराठी मानुष’ की उम्मीद टूटी, ठाकरे ब्रदर्स को झटका
BMC Election Results : इन चुनावों में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे को उम्मीद थी कि ‘मराठी मानुष’ एकजुट होकर उनके गठबंधन को मजबूती देगा। हालांकि, नतीजों ने उनकी इस उम्मीद पर पानी फेर दिया। शिवसेना (यूबीटी)–मनसे गठबंधन को अधिकतर सीटों पर पिछड़ना पड़ा और शहर पर दशकों पुरानी पकड़ बनाए रखना कठिन साबित हुआ।
कुछ सीटों पर यूबीटी की जीत, पर तस्वीर साफ
BMC Election Results : कड़े मुकाबले के बीच शिवसेना (यूबीटी) को कुछ सीटों पर जीत जरूर मिली। वार्ड 208 से रमाकांत रहाटे ने शिंदे गुट के प्रत्याशी को लगभग चार हजार वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
AIMIM और कांग्रेस की सीमित मौजूदगी
अन्य दलों में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम ने वार्ड 134 और 145 में जीत दर्ज कर अपनी उपस्थिति का अहसास कराया। वहीं, कांग्रेस धारावी और कुर्ला जैसे कुछ खास इलाकों में अपनी पारंपरिक पकड़ बनाए रखने में सफल रही।
जनता का फैसला: फडणवीस की रणनीति को बड़ी जीत
BMC Election Results : कुल मिलाकर, बीएमसी चुनाव नतीजों से यह साफ हो गया है कि जनता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व, रणनीति और सियासी सूझबूझ पर प्रचंड बहुमत के साथ भरोसा जताया है। मुंबई की नगर राजनीति में यह जीत आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति की दिशा भी तय करती नजर आ रही है।







