सीतापुर, 23 सितंबर। Azam Khan : सीतापुर जेल से समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान मंगलवार को रिहा हो गए। आजम को 23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा किया गया है। इस दौरान, जिला प्रशासन ने जेल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।
आजम खान की रिहाई मंगलवार सुबह होनी थी, लेकिन बेल बॉन्ड में उनके पते में गलती पाए जाने के कारण प्रक्रिया स्थगित हो गई। बाद में मंगलवार दोपहर को आजम खान की रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई और वह कड़ी सुरक्षा के बीच गाड़ी में सवार होकर जेल परिसर से बाहर निकले।
परिवार के सदस्य रहे मौजूद
Azam Khan : आजम खान की रिहाई पर उनके परिवार के लोग सीतापुर में उपस्थित थे। जेल के बाहर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस दौरान उत्साह देखा गया।
साथ ही जिला प्रशासन ने सीतापुर जेल रोड पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। बहुत सारे पुलिसकर्मी तैनात थे और ड्रोन से निगरानी की गई थी।
अनावश्यक खड़ी गाड़ियों का चालान
Azam Khan : शहर में धारा 144 लागू होने के कारण जेल के आसपास भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध लगाया गया था। नवरात्रि की भीड़ के बीच जेल रोड पर समर्थकों की अधिक संख्या की वजह से जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने सख्ती से हटाया। इस दौरान अनावश्यक खड़ी गाड़ी का चालान भी काटा गया।
सभी से की सहयोग की अपील
Azam Khan : “सीतापुर शहर की सड़कें संकरी हैं और नवरात्रि के चलते पहले से ही भीड़भाड़ है”, मीडिया से बातचीत करते हुए सीओ सिटी विनायक भोसले ने कहा। किसी को बिना वजह रुकने की अनुमति नहीं दी जाती। सड़कों से भीड़ हटाई जा रही है और धारा 144 का पालन किया जा रहा है। हमारी अपील है कि हर व्यक्ति पुलिस का सहयोग करे। ”
गौरतलब है कि आजम खान को 72 मामलों में जमानत मिल चुकी है, जिसमें हाल ही में क्वालिटी बार लैंड ग्रैब केस भी शामिल है। अक्टूबर 2023 से वे सीतापुर जेल में बंद थे।







