Afghanistan Pakistan : “अभियान जारी है”: इस्लामिक अमीरात का दावा
काबुल, 26 फरवरी। Afghanistan Pakistan : पाकिस्तान के हालिया हवाई हमलों के बाद अफगानिस्तान ने तीखी जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। अफगान अधिकारियों के मुताबिक सीमा क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान दुश्मन की 15 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया है।
इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि कार्रवाई के दौरान कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि कुछ को जिंदा पकड़ा गया है।
उन्होंने दावा किया कि अभियान लगातार जारी है और सीमा पर रणनीतिक बढ़त हासिल की जा रही है। उनके अनुसार, दुश्मन की कुल 15 चौकियां अब अफगान नियंत्रण में हैं।
डूरंड लाइन पर हाई-टेक मोर्चाबंदी
Afghanistan Pakistan : अफगान पक्ष ने बताया कि डूरंड लाइन पर तैनात अत्याधुनिक लेजर उपकरणों से लैस इकाइयों ने भी ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बयान में कहा गया है कि रात के अंधेरे में दुश्मन की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और उसे निशाना बनाया जाएगा।
पाकिस्तान की चुप्पी, बढ़ता तनाव
Afghanistan Pakistan : हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इन दावों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव ने सीमा क्षेत्र को अत्यंत संवेदनशील बना दिया है।
हवाई हमलों में नागरिक हताहत
Afghanistan Pakistan : संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) ने पुष्टि की थी कि पाकिस्तानी सैन्य बलों द्वारा अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में किए गए हवाई हमलों में 13 नागरिकों की मौत हुई, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल थे।
अफगानिस्तान की प्रमुख समाचार एजेंसी खामा प्रेस ने यूएनएएमए की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि इन हमलों में सात अन्य लोग घायल भी हुए।
हमले 21-22 फरवरी की दरमियानी रात नंगरहार के बेहसूद और खोगियानी जिलों में किए गए थे। वहीं, पक्तिका के बरमल में एक स्कूल और मस्जिद को निशाना बनाया गया, जबकि ओर्गुन जिले में एक घर पर एयर स्ट्राइक की गई।
क्षेत्र में अस्थिरता की आहट
सीमा पार हमलों और जवाबी कार्रवाई के दावों के बीच दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी बढ़ती जा रही है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब इस संवेदनशील स्थिति पर टिकी हैं, जहां हालात किसी बड़े टकराव का रूप ले सकते हैं।







