नई दिल्ली, 23 मार्च। Trump Iran claim : मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान और अमेरिका के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दोनों देशों के बीच “सकारात्मक और उत्पादक बातचीत” हुई है। ईरान ने साफ शब्दों में कहा है कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई और यह दावा पूरी तरह भ्रामक और असत्य है।
Trump Iran claim : ईरान ने जारी किया बयान
ईरान के सैन्य मुख्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी स्तर पर कोई वार्ता नहीं हुई है। बयान में कहा गया कि ट्रंप द्वारा किया गया बातचीत का दावा झूठा है और यह केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग संदेश देने की कोशिश है। ईरान ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले की धमकी देने के बाद संभावित जवाबी कार्रवाई के डर से अपने कदम पीछे खींच लिए हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर हमारा रुख स्पष्ट
Trump Iran claim : ईरान ने स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर उसका रुख बिल्कुल नहीं बदला है। यह वही रणनीतिक जलमार्ग है, जिससे दुनिया की बड़ी मात्रा में तेल आपूर्ति होती है। ईरान ने संकेत दिया कि यदि उसके राष्ट्रीय हितों पर हमला होता है या उसके ऊर्जा प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाया जाता है, तो वह इस जलमार्ग को बंद करने जैसे कठोर कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगा।
अमेरिका को ईरान की कार्रवाई का डर
Trump Iran claim : ईरानी सैन्य मुख्यालय ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति अपने 48 घंटे के अल्टीमेटम से इसलिए पीछे हटे क्योंकि उन्हें ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई का डर था। ईरान ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि उसके पावर प्लांट्स या ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया तो वह इजरायल के बिजली संयंत्रों, ऊर्जा नेटवर्क और सूचना एवं संचार (ICT) इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करेगा।
संभावित निशाने की सूची में ये भी शामिल
इसके साथ ही ईरान ने यह भी कहा कि मध्य-पूर्व के वे देश, जहां अमेरिकी सैन्य अड्डे मौजूद हैं और जिनके पावर प्लांट अमेरिकी सहयोग से संचालित होते हैं, वे भी संभावित निशाने की सूची में शामिल होंगे। ईरान ने दोहराया कि जब तक उसके क्षतिग्रस्त ऊर्जा संयंत्रों का पुनर्निर्माण नहीं हो जाता, तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखा जा सकता है, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
ट्रंप ने यह किया था दावा
Trump Iran claim : इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए दावा किया था कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में बेहद सकारात्मक और उत्पादक बातचीत हुई है। उन्होंने कहा था कि यह बातचीत मध्य-पूर्व में जारी तनाव को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से की जा रही है और यह प्रक्रिया पूरे सप्ताह जारी रहेगी।
बातचीत का माहौल सकारात्मक होने का दावा
Trump Iran claim : ट्रंप ने यह भी घोषणा की थी कि अमेरिका ने फिलहाल ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर संभावित सैन्य हमलों को पांच दिनों के लिए टाल दिया है। उन्होंने कहा कि बातचीत का माहौल सकारात्मक है और इसी को ध्यान में रखते हुए अमेरिकी रक्षा विभाग को यह निर्देश दिया गया है।
अमेरिका का दावा भ्रम फैलाने की चेष्टा
Trump Iran claim : हालांकि, ईरान ने इन सभी दावों को नकारते हुए साफ कर दिया है कि वह किसी भी तरह की कूटनीतिक बातचीत में शामिल नहीं है और अमेरिका की ओर से किया जा रहा यह दावा केवल रणनीतिक भ्रम फैलाने की कोशिश है।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को ट्रंप की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी थी। उस पोस्ट में उन्होंने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला गया, तो ईरान के प्रमुख बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया जाएगा।
इस चेतावनी के जवाब में ईरान ने भी सख्त रुख अपनाया था और कहा था कि वह अमेरिकी समर्थन से चलने वाले किसी भी ऊर्जा संयंत्र को नहीं छोड़ेगा। इस बयानबाजी के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव और अधिक बढ़ गया है।
ईरान का रुख आक्रामक
Trump Iran claim : मौजूदा स्थिति में जहां एक ओर अमेरिका बातचीत और कूटनीतिक समाधान की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ईरान इसे झूठ करार देकर आक्रामक रुख अपनाए हुए है। इस टकराव का असर केवल दोनों देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव पूरे मध्य-पूर्व क्षेत्र और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ने की आशंका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य पर किसी भी तरह की रोक लगती है, तो इससे तेल की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।
स्थिति बेहद संवेदनशील
फिलहाल, स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है और दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में यह तनाव कम होता है या और अधिक गहराता है।







