क्वेटा, 1 फरवरी। Balochistan Unrest : पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। तनावपूर्ण स्थिति के चलते देश के विभिन्न प्रमुख शहरों से क्वेटा के लिए बस सेवाएं पूरी तरह निलंबित कर दी गई हैं। परिवहन सूत्रों के मुताबिक, सभी बसों को राखनी में रोक दिया गया, जिससे सैकड़ों यात्री रास्ते में फंस गए हैं।
Balochistan Unrest : बस, रेल और हवाई सेवाएं ठप, इंटरनेट भी बंद
अधिकारियों और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स के अनुसार, शनिवार से क्वेटा और पाकिस्तान के अन्य हिस्सों के बीच परिवहन सेवाएं पूरी तरह बंद हैं। फिलहाल इनके बहाल होने की कोई समय-सीमा तय नहीं है। इसके साथ ही क्वेटा और बलूचिस्तान के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
व्यापार और शिक्षा पर संकट, परीक्षाएं टलीं
Balochistan Unrest : इंटरनेट बंद होने और परिवहन सेवाओं के ठप रहने से व्यापारिक गतिविधियां और संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसका असर शिक्षा क्षेत्र पर भी पड़ा है। कैडेट कॉलेज मस्तूंग प्रशासन ने रविवार को होने वाली प्रवेश परीक्षा को अब 5 फरवरी तक स्थगित कर दिया है।
‘ऑपरेशन हीरोफ’ के दूसरे चरण के बाद बढ़ा तनाव
Balochistan Unrest : स्थिति तब और गंभीर हो गई जब बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने शनिवार को अपने अभियान ‘ऑपरेशन हीरोफ’ के दूसरे चरण की शुरुआत का एलान किया। इसके बाद से प्रांत के कई हिस्सों से हमलों और सशस्त्र झड़पों की खबरें सामने आने लगीं।
बीएलए का दावा, निर्णायक प्रतिरोध का एलान
Balochistan Unrest : बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने इसे “निर्णायक प्रतिरोध” बताते हुए कहा कि यह अभियान “कब्जा करने वाले राज्य और उसके सैन्य व प्रशासनिक ढांचों” के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि बलूचिस्तान के लोग हर गली, हर मोहल्ले में विरोध करेंगे और साबित करेंगे कि “कब्जेदारों के लिए यहां कोई जगह नहीं है।”
कई शहरों में गोलीबारी और धमाके, दहशत का माहौल
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्वेटा, नुश्की, कलात, मस्तूंग, दल्बंदीन, खारान, ग्वादर, पसनी, तुम्प, बुलेदा और धादर सहित कई इलाकों में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। कई जगहों से भारी गोलीबारी, विस्फोटों और पाकिस्तानी पुलिस व सैन्य ठिकानों पर हमलों की खबरें हैं।
क्वेटा के रेड ज़ोन में भी धमाके, पुलिस वैन पर हमला
Balochistan Unrest : प्रांतीय राजधानी क्वेटा में भी रेड ज़ोन समेत कई संवेदनशील इलाकों में गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनी गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरीआब रोड पर हथियारबंद लोगों ने पाकिस्तानी पुलिस की मोबाइल वैन पर हमला किया, जिसमें दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। रेलवे स्टेशन के आसपास भी गोलीबारी की सूचना है।
10 शहरों में एकसाथ हमले का दावा
Balochistan Unrest : बीएलए ने मीडिया को जारी बयान में दावा किया कि ऑपरेशन हीरोफ के दूसरे चरण के तहत क्वेटा, नुश्की, मस्तूंग, दल्बंदीन, कलात, खारान, ग्वादर, पसनी, तुम्प और बुलेदा सहित 10 शहरों में समन्वित हमले किए गए हैं। संगठन ने पाकिस्तानी सेना की आवाजाही बाधित करने और कई इलाकों में उन्हें पीछे धकेलने का दावा किया है।
सेना और आइएसआइ के ठिकानों पर ‘फिदायीन हमले’ का दावा
Balochistan Unrest : बीएलए का कहना है कि क्वेटा, ग्वादर, पसनी, नुश्की और दल्बंदीन में पाकिस्तानी सेना और आईएसआई के शिविरों पर फिदायीन हमले किए गए। संगठन ने दावा किया कि उसके मजीद ब्रिगेड के लड़ाकों ने कई सैन्य ठिकानों में घुसकर कब्जा किया और भीषण लड़ाई जारी है।
बलूच जनता से खुली अपील: सड़कों पर उतरें
बीएलए की मीडिया विंग द्वारा जारी एक अलग संदेश में संगठन के कमांडर-इन-चीफ बशीर ज़ेब बलोच ने बलूचिस्तान के लोगों से घरों से बाहर निकलकर पाकिस्तानी बलों के खिलाफ लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक चेतना और एकजुटता का प्रतीक है।







