Bijapur Encounter : दिनभर चली रुक-रुक कर फायरिंग
बीजापुर, 17 जनवरी। Bijapur Encounter : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। माओवादियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी की मौजूदगी की खुफिया सूचना पर डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
खुफिया सूचना पर चला संयुक्त अभियान
Bijapur Encounter : पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव के अनुसार, क्षेत्र में डीवीसीएम दिलीप बेड़जा समेत सशस्त्र माओवादियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर उत्तर-पश्चिमी बीजापुर के जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। दोपहर तक मुठभेड़ स्थल से दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए।
शाम की मुठभेड़ में दो और नक्सली ढेर
Bijapur Encounter : शाम के समय हुई एक और मुठभेड़ में एक महिला कैडर सहित दो अतिरिक्त माओवादी मारे गए। इस तरह कुल चार माओवादी कैडरों के शव सुरक्षा बलों ने बरामद किए।
आधुनिक हथियार भी जब्त
Bijapur Encounter : मुठभेड़ स्थल से एके-47 और .303 राइफल जैसे ग्रेडेड हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिससे माओवादियों की सशस्त्र क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
डीवीसीएम दिलीप बेड़जा के मारे जाने की पुष्टि
Bijapur Encounter : बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि प्रारंभिक पहचान में मृत नक्सलियों में से एक की पहचान नेशनल पार्क एरिया कमेटी के कुख्यात डीवीसीएम दिलीप बेड़जा के रूप में हुई है। अन्य मारे गए माओवादियों के भी इसी एरिया कमेटी से जुड़े होने की संभावना है।
दुर्गम हालात में भी जवानों का अदम्य साहस
Bijapur Encounter : आइजी पट्टिलिंगम ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ के जवान अनुशासन, रणनीतिक कौशल और साहस के साथ माओवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रहे हैं।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है। अभियान के पूर्ण होने के बाद विस्तृत जानकारी अलग से साझा की जाएगी।







