Samriddhi Yatra : गांधी की धरती से विकास का संकल्प
बेतिया, 15 जनवरी। Samriddhi Yatra : मकर संक्रांति के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार से अपनी बहुप्रतीक्षित समृद्धि यात्रा की शुरुआत महात्मा गांधी की कर्मभूमि पश्चिमी चंपारण से करने जा रहे हैं। इस यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
भारी जीत के बाद पहली बड़ी यात्रा
Samriddhi Yatra : पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत के बाद यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहली बड़ी राज्यव्यापी यात्रा है, जिसे राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। वहीं, एनडीए में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भी अपनी आभार यात्रा शुरू करने की घोषणा कर दी है। माना जा रहा है कि मकर संक्रांति के बाद सभी राजनीतिक दल नए सियासी तेवर के साथ मैदान में उतरेंगे।
‘न्याय’ और ‘प्रगति’ के बाद अब ‘समृद्धि’ का रास्ता
Samriddhi Yatra : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समृद्धि यात्रा को लेकर कहा कि बिहार तेजी से समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले न्याय यात्रा और प्रगति यात्रा कर चुके हैं और अब समृद्धि यात्रा के जरिए राज्य के हर कोने तक विकास की रफ्तार पहुंचाई जाएगी।
चंपारण को मिलेगी विकास की बड़ी सौगात
Samriddhi Yatra : मुख्यमंत्री की इस यात्रा के तहत पश्चिमी चंपारण जिले को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यहां 153 करोड़ रुपये की लागत से 125 योजनाओं का शिलान्यास और 29 करोड़ रुपये की लागत से 36 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
इसके साथ ही जिले में चल रही विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा भी की जाएगी।
किसानों और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
Samriddhi Yatra : समृद्धि यात्रा के दौरान किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से किसान मेला-सह-यांत्रिकीकरण प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों से सीधे संवाद करेंगे और औद्योगिक क्षेत्र कुमारबाग का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन सतर्क
Samriddhi Yatra : जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की “सुशासन से समृद्धि” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में यह यात्रा एक अहम कदम है, जिससे पश्चिमी चंपारण के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
16 से 24 जनवरी तक चलेगा पहला चरण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का पहला चरण 16 जनवरी से 24 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान वे बिहार के 9 जिलों का दौरा करेंगे और विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ जनता से सीधा संवाद करेंगे।







