गांधीनगर, 8 जनवरी। Somnath Swabhiman : सोमनाथ मंदिर पर हुए ऐतिहासिक आक्रमणों के एक हजार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ की भव्य शुरुआत की गई। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को गांधीनगर स्थित श्री धोलेश्वर महादेव मंदिर में संतों और श्रद्धालुओं के साथ पवित्र वातावरण में ‘ओंकार नाद’ का जाप कर पर्व का शुभारंभ किया।
Somnath Swabhiman : निरंतर ओंकार नाद का जाप
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव 8 से 11 जनवरी तक चलेगा, जिसके अंतर्गत 72 घंटे तक निरंतर ओंकार नाद का जाप किया जाएगा। ओंकार की सकारात्मक ऊर्जा को व्यापक रूप से प्रसारित करने के उद्देश्य से राज्य के विभिन्न तीर्थस्थलों पर भी ओंकार नाद का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भले ही हजार वर्ष पूर्व सोमनाथ पर आक्रमण हुआ था, लेकिन आज भी सोमनाथ महादेव का मंदिर अडिग आस्था और सनातन संस्कृति का सशक्त प्रतीक बना हुआ है।
एकजुट होने की अपील
Somnath Swabhiman : मुख्यमंत्री ने नागरिकों से इस ऐतिहासिक विरासत को स्मरण करते हुए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारी विरासत का संरक्षण करते हुए विकास को आगे बढ़ाया है। इससे हमें अपनी संस्कृति से फिर से जुड़ने, एकता को मजबूत करने और अपनी साझा धरोहर को गर्व के साथ प्रस्तुत करने का अवसर मिला है। आइए, हम सब मिलकर अपने गौरव का प्रदर्शन करें।”

तस्वीरें साझा कीं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वे सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा— “सोमनाथ मंदिर भारत की आत्मा की अजेय शक्ति और सनातन परंपरा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ इसी गौरवशाली विरासत का उत्सव है। सोमनाथ धाम की अपनी यात्राओं की कुछ स्मृतियां साझा कर रहा हूं।”
Somnath Swabhiman :उधर, गुजरात के सूचना निदेशालय ने बताया कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मंत्री जीतू वघानी और प्रद्युम्न वाजा की उपस्थिति में सोमनाथ महादेव मंदिर परिसर में शंखनाद के साथ 72 घंटे के सतत ओंकार जाप की विधिवत शुरुआत की गई।
15 जिलों से घोड़े सोमनाथ लाए गए
सूचना निदेशालय के अनुसार, शौर्य यात्रा में भाग लेने के लिए गुजरात पुलिस कैवेलरी के 15 जिलों से घोड़े सोमनाथ लाए गए हैं। ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत 108 घुड़सवारों के साथ एक भव्य शौर्य यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो इस ऐतिहासिक उत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा।







