गुवाहाटी, 5 जनवरी। Assam Opinion Poll : असम में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आए नए ओपिनियन पोल ने एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। इस पोल में राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने की संभावना जताई गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इन अनुमानों पर संयम बरतने की सलाह देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने को कहा है।
Assam Opinion Poll : यह जश्न मनाने का समय नहीं
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर कई अहम फैसले अभी बाकी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओपिनियन पोल के आंकड़ों को देखकर जश्न मनाने का यह समय नहीं है।
चुनाव का असली फैसला जनता करेगी
Assam Opinion Poll : एक संगठन द्वारा कराए गए ओपिनियन पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “सर्वे रिपोर्ट्स हमारे पक्ष में नजर आ रही हैं, लेकिन मुझे लगता है कि सर्वे का समय अभी नहीं आया है। चुनाव का असली फैसला जनता और ईवीएम के जरिए ही होगा।”
भाजपा को 69 से 74 सीटें मिलने अनुमान
Assam Opinion Poll : ओपिनियन पोल के मुताबिक, 126 सदस्यीय असम विधानसभा में भाजपा को 69 से 74 सीटें मिलने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वे में भाजपा को लगभग 75 और असम गण परिषद (एजीपी) को करीब नौ सीटें मिलने की बात कही गई है, लेकिन इन सभी सीटों पर गठबंधन किस तरह चुनाव लड़ेगा, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि एनडीए के भीतर सीट बंटवारे को लेकर बातचीत फरवरी तक पूरी हो जाएगी, जिसके बाद तस्वीर साफ होगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन का स्वरूप भी अभी पूरी तरह तय नहीं है।
एनडीए को 90 सीटें मिलने का अनुमान
Assam Opinion Poll : 15 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 के बीच किए गए इस जनमत सर्वेक्षण के अनुसार, एनडीए को कुल मिलाकर लगभग 90 सीटें मिलने का अनुमान है। इसमें एजीपी को 8 से 11 सीटें और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) को 8 से 10 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
विपक्ष को 25 से 29 सीटें मिलने का अनुमान
Assam Opinion Poll : वहीं, विपक्ष की बात करें तो कांग्रेस को 25 से 29 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल, रायजोर दल, असम जातीय परिषद और सीपीआइ (एम) जैसी छोटी पार्टियों के खाते में बहुत कम या कोई सीट नहीं आने की संभावना है।
वोट शेयर के लिहाज से भाजपा को करीब 39 प्रतिशत और कांग्रेस को लगभग 37 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। परिसीमन के बाद निचले असम और बराक घाटी में एनडीए की स्थिति मजबूत बताई जा रही है, जबकि ऊपरी असम और बोडोलैंड में भी गठबंधन की पकड़ बने रहने की संभावना जताई गई है।
जमीनी स्तर पर काम करना जरूरी
Assam Opinion Poll : मुख्यमंत्री सरमा ने दो टूक कहा कि किसी भी सर्वे से संतुष्ट होने के बजाय पार्टी को जमीनी स्तर पर लगातार काम करते रहना चाहिए, क्योंकि अंतिम फैसला जनता ही करेगी।







